Saturday, 26 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

हरियाणा में सर्वाधिक रेड करने वाले इंस्पेक्टर CM से सम्मानित:13 बार छापे मारकर रिश्वत लेते हुए अधिकारियों को पकड़ा, 2022 से ACB में

INT News26 September 2026 at 09:55 am

भिवानी की एंटी करप्शन ब्यूरो एवं विजिलेंस टीम के इंस्पेक्टर जगजीत सिंह को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश में सबसे ज्यादा रेड करने पर सम्मानित किया है। जिन्होंने इस साल में कुल 13 रेड करके रिश्वत लेते हुए आरोपियों को रंगेहाथों पकड़ने में सफलता हासिल की है। इसलिए मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया और हौसला बढ़ाया गया। जगजीत सिंह मूल रूप से रोहतक जिले के गांव बखेता के रहने वाले हैं। एसीबी के इंस्पेक्टर जगजीत सिंह ने बताया कि इस वर्ष 2026 में अब तक पूरे हरियाणा में उन्होंने सबसे ज्यादा 13 रेड करके रिश्वतखोर अधिकारियों को पकड़ा है। उन्होंने 2001 में बतौर कांस्टेबल हरियाणा पुलिस ज्वाइन की थी। इसके बाद 2022 में वे एसीबी से जुड़े, वहीं पहली पोस्टिंग उनकी सोनीपत में रही। सोनीपत में ही उनके एसीबी टीम में रहते हुए सबसे ज्यादा कार्यकाल रहा है। वहीं अप्रैल 2026 में उनका ट्रांसफर भिवानी हुआ। इसके बाद वे भिवानी में तैनात हैं। 2 लाख रुपए रिश्वत लेते परिवहन विभाग का सहायक पकड़ा

जगजीत सिंह ने बताया कि एसीबी ने उनके नेतृत्व में इस साल सबसे ज्यादा बड़ी रिश्वत लेने के मामले में परिवहन विभाग के सहायक को पकड़ा था। जो 2 लाख रुपए रिश्वत ले रहा था। उन्होंने कहा कि ACB भिवानी की टीम ने परिवहन विभाग के सहायक किशोरी कुमार को 2 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। किशोरी कुमार पर वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र जारी करने और उनके नवीनीकरण की अनुमति के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। उसे हिसार में रंगेहाथ पकड़ा गया और उसके खिलाफ हिसार थाने में केस दर्ज किया गया है। ट्रांसपोर्टर ने शिकायत दी थी कि वह पानीपत में परिवहन वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र जारी करने और उनके नवीनीकरण की व्यवस्था शुरू करना चाहता था। इसके लिए उसे परिवहन आयुक्त, हरियाणा, चंडीगढ़ से जरूरी अनुमति लेनी थी। आरोपी किशोरी कुमार ने उसे स्थायी अनुमति जारी न होने का डर दिखाया। उसने परिवहन आयुक्त कार्यालय से 27 अगस्त को जारी हो चुकी अनुमति दिलवाने के बदले 2 लाख रुपए की रिश्वत मांगी। शिकायत मिलने के बाद ACB की हिसार यूनिट के भिवानी उपकेंद्र की टीम ने कार्रवाई की।