समाचार · मध्य प्रदेश
डिंडौरी में 24 घंटे से मूसलाधार बारिश, पुल डूबा:नर्मदा का जलस्तर बढ़ा, कलेक्टर ने स्कूलों की छुट्टी घोषित की
डिंडोरी में पिछले 24 घंटे से मूसलाधार बारिश जारी है। इससे नर्मदा और सहायक नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर जोगी टिकरिया का पुल डूब गया है, जिससे डिंडोरी का जबलपुर से संपर्क टूट गया है। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने आंगनवाड़ी और स्कूलों की एक दिन की छुट्टी घोषित की है। जोगी टिकरिया में नर्मदा नदी पर बना करीब 25 फीट ऊंचा पुल पानी में डूब गया है। शहर के हंसनगर, साकेतनगर और ग्रामीण इलाकों के पुलों को भी नर्मदा का पानी छू रहा है। नदी किनारे के घाट और छोटे मंदिर भी डूब गए हैं। वार्ड क्रमांक सात में नपा ने मुनादी करवाई और करीब सात घरों को खाली कराया। टीम रख रही नजर सिटी कोतवाली निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे ने बताया कि एसडीआरएफ और पुलिस टीम नजर रख रही है। बिलगांव बांध के कैचमेंट एरिया में ज्यादा बारिश के कारण शनिवार सुबह दो गेट खोले गए। 50 और 60 सेंटीमीटर खोले गेट जल संसाधन विभाग के प्रभारी इंजीनियर अमित उइके ने बताया कि पहला गेट 60 सेंटीमीटर और दूसरा 50 सेंटीमीटर तक खोला गया है। दोनों गेटों से प्रति सेकंड 73.16 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। विभाग ने शुक्रवार शाम को ही सिलगी नदी किनारे के कई गांवों में मुनादी कराकर लोगों से नदी किनारे न जाने की अपील की थी। 24 घंटे में 4 इंच बारिश पिछले चौबीस घंटे में औसतन चार इंच बारिश दर्ज की गई है। एक जून से अब तक डिंडोरी में 69,अमरपुर 47,समनापुर 37,बजाग 58,करंजिया 50,शहपुरा 38,मेह द वानी में 29 इंच बारिश दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा पश्चिम की तरफ 16 मील किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है। मौसम विभाग ने आज दिन भर बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना जताई है। वही रविवार को से मौसम धूप खिलने और मौसम साफ होने की संभावना जताई।