Saturday, 26 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

श्रीतुलसी मानस मंदिर में गिरा प्रवचन पंडाल, महायज्ञ की तैयारी प्रभावित

INT News26 September 2026 at 10:49 am

मेदिनीनगर (पलामू): जिले में पिछले चार दिनों से हो रही बारिश के बीच तेज हवा ने परेशानी बढ़ा दी है. जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के सुदना में बारिश और तेज हवा के कारण श्रीतुलसी मानस मंदिर परिसर में निर्माणाधीन प्रवचन पंडाल का ढांचा पूरी तरह धराशायी हो गया. पंडाल गिरने से श्रीरामचरित मानस नवाह परायण महायज्ञ के आयोजकों और टेंट संचालक की चिंता बढ़ गई है.

महायज्ञ को लेकर चल रही थी तैयारी

श्रीतुलसी मानस मंदिर परिसर में श्रीरामचरित मानस नवाह परायण महायज्ञ का 44वां अधिवेशन सह दुर्गा पूजा महोत्सव आयोजित किया जा रहा है. आयोजन समिति की ओर से महायज्ञ की तैयारी शुरू कर दी गई है. इसी क्रम में परिसर में आकर्षक प्रवचन पंडाल का निर्माण कराया जा रहा था. टेंट संचालक ने बांस का उपयोग कर पंडाल का ढांचा तैयार किया था.

ये भी पढ़ें- बारिश-आंधी में उजड़ा विधवा का घर, प्रशासन से राहत और आवास की मांग

बारिश और हवा के झोंके से गिरा बांस का ढांचा

बताया जाता है कि लगातार बारिश के बीच तेज हवा के झोंके से प्रवचन पंडाल के लिए खड़ा किया गया बांस का ढांचा जमीन पर गिर गया. मौसम के इस बदले तेवर से आयोजकों और टेंट संचालक की परेशानी बढ़ गई है. अब निर्धारित समय तक पंडाल का निर्माण पूरा कराने के साथ अन्य तैयारियां पूरी करना चुनौती बन गई है.

10 अक्टूबर से शुरू होगा धार्मिक आयोजन

आयोजन समिति के संरक्षक जय प्रकाश सिंह और अध्यक्ष अरुण चंद सिंह उर्फ विभु सिंह ने बताया कि महायज्ञ को लेकर 10 अक्टूबर की सुबह कलश यात्रा निकाली जाएगी. इसी दिन शाम को हनुमत पूजा के बाद 12 घंटे का अखंड हरिनाम संकीर्तन शुरू होगा. 11 अक्टूबर को कलश स्थापना के साथ पूजा-अनुष्ठान, श्रीरामचरित मानस पाठ और बाहर से आए विद्वान कथा वाचकों का सारगर्भित प्रवचन शुरू होगा. 19 अक्टूबर तक प्रतिदिन मानस पाठ और प्रभु श्रीराम की पावन कथा होगी. महायज्ञ को सफल बनाने के लिए आयोजन समिति के लोग सक्रिय हैं.

ये भी पढ़ें- रात के अंधेरे में स्वास्थ्य उपकेंद्र को चोरों ने बनाया निशाना, समरसेबल मशीन लेकर हुए फरार

दुर्गा पूजा समितियां भी मौसम को लेकर चिंतित

इधर, मौसम के बदले मिजाज से जिले की दुर्गा पूजा आयोजन समितियों की भी चिंता बढ़ गई है. शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सैकड़ों स्थानों पर दुर्गा पूजा महोत्सव के आयोजन की तैयारी चल रही है. पूजा समितियों के लोग मौसम के बदले तेवर को देखते हुए सतर्कता बरत रहे हैं. हालांकि, यदि मौसम की स्थिति इसी तरह बनी रही तो दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान आयोजकों के साथ आम श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.