Saturday, 26 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

लखीमपुर खीरी में भारी बारिश का कहर, अचानक भरभराकर गिरा मकान, परिवार के तीन लोगों की मौत

INT News26 September 2026 at 10:40 am

Lakhimpur News: लखीमपुर खीरी जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है. मितौली तहसील के नीमगांव थाना क्षेत्र के रहमतपुर गांव में शनिवार सुबह एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया. हादसे के समय घर के अंदर मौजूद पति-पत्नी और उनके छोटे बेटे की मलबे में दबने से मौत हो गई. एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा है.

बारिश से कमजोर हो गया था मकान

रहमतपुर गांव निवासी मोहन कश्यप अपनी पत्नी सरिता और छोटे बेटे मोनू के साथ इसी कच्चे मकान में रहते थे. बताया गया कि इलाके में करीब डेढ़ दिन से लगातार तेज बारिश हो रही थी. बारिश के कारण जमीन में नमी और जलभराव बढ़ गया था. इसी बीच मकान की हालत भी कमजोर हो गई और अचानक पूरा मकान भरभराकर ढह गया. उस वक्त परिवार के तीनों सदस्य अंदर ही मौजूद थे और मलबे में दब गए.

सुबह मलबे में दबा मिला पूरा परिवार

सुबह ग्रामीणों की नजर जब ढहे हुए मकान पर पड़ी तो परिवार के सदस्य बाहर दिखाई नहीं दिए. इसके बाद ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई. लोगों ने तुरंत राहत और बचाव का काम शुरू किया और मलबा हटाने लगे. काफी मशक्कत के बाद मोहन, सरिता और मोनू को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी. एक साथ तीन लोगों की मौत की खबर मिलते ही गांव में चीख-पुकार मच गई.

बंद पुलिया को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी

हादसे के बाद ग्रामीणों ने गांव की जलनिकासी व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि पानी की निकासी के लिए बनी पुलिया बंद है, जिसकी वजह से बारिश का पानी बाहर नहीं निकल पा रहा है. इससे गांव के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है. ग्रामीणों ने पुलिया खुलवाने और जलनिकासी की व्यवस्था ठीक कराने की मांग की है.

जर्जर मकानों में रह रहे परिवारों की सुरक्षा पर सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश और जलभराव के बावजूद प्रभावित इलाकों में पर्याप्त निगरानी नहीं की जा रही है. उनका कहना है कि ऐसे मौसम में कच्चे और जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने की जरूरत है.

एसडीएम से संपर्क की कोशिश, नहीं मिल सका पक्ष

हादसे के संबंध में मितौली एसडीएम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका सीयूजी नंबर बंद मिला. इस वजह से प्रशासन का पक्ष तत्काल प्राप्त नहीं हो सका.

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

नीमगांव थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण गौतम ने बताया कि मकान गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी. मलबे से तीन लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है.

अब प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती

हादसे के बाद प्रशासन के सामने पीड़ित परिवार को राहत उपलब्ध कराने के साथ-साथ गांव में जलनिकासी की समस्या दूर करने की चुनौती है. लगातार बारिश के बीच जर्जर और कच्चे मकानों में रह रहे परिवारों की सुरक्षा भी अहम हो गई है. ग्रामीणों ने प्रशासन से इस दिशा में तत्काल कदम उठाने की मांग की है.

Input: पवन तोमर की रिपोर्ट

Also Read: UP Rain Alert: यूपी में भारी बारिश और तूफानी हवाओं का अलर्ट, कई जिलों में स्कूल बंद, जानें मौसम का हाल