national
5 राज्यों में चुनावी तैयारी में जुटी कांग्रेस, स्क्रीनिंग कमेटियां बनाईं; पंजाब में दलबदलुओं की एंट्री पर भी पहरा

कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी ने सोमवार को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर के लिए स्क्रीनिंग कमेटियों का गठन किया. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष ने तत्काल प्रभाव से इन कमेटियों का गठन किया है.
देखें कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटियां
उत्तर प्रदेश
अध्यक्ष: अजय माकन
सदस्य: असलम शेख
सदस्य: बीवी श्रीनिवास
पंजाब
अध्यक्ष: डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद
सदस्य: सचिन सावंत
सदस्य: निवेदित अल्वा
उत्तराखंड
अध्यक्ष: दीपा दासमुंशी
सदस्य: अनिल चौधरी
सदस्य: पालभाई अंबालिया
गोवा
अध्यक्ष: केजे जॉर्ज
सदस्य: सतेज डी. पाटिल
सदस्य: शफी परंबिल
मणिपुर
अध्यक्ष: बीएम संदीप
सदस्य: हिबी ईडन
सदस्य: राजेश ठाकुर
उत्तर प्रदेश में अजय माकन, उत्तराखंड में दीप दासमुंशी को कमान
उत्तराखंड में दीप दासमुंशी को स्क्रीनिंग कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है. अनिल चौधरी और पालभाई अंबालिया को कमेटी का सदस्य नियुक्त किया गया है.
वहीं, उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी अजय माकन को सौंपी गई है. उनके साथ असलम शेख और बीवी श्रीनिवास सदस्य के रूप में काम करेंगे.
पंजाब, गोवा और मणिपुर में इन नेताओं को मिली जिम्मेदारी
पंजाब में सिरिवेल्ला प्रसाद को स्क्रीनिंग कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है. सचिन सावंत और निवेदित अल्वा इसके सदस्य होंगे.
गोवा में केजे जॉर्ज को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि सतेज डी पाटिल और शफी परंबिल सदस्य होंगे. वहीं, मणिपुर में बीएम संदीप को कमेटी की कमान सौंपी गई है. हिबी ईडन और राजेश ठाकुर को सदस्य बनाया गया है.
राज्यों के प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष भी होंगे कमेटी के सदस्य
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, संबंधित राज्यों के AICC महासचिव या प्रभारी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) अध्यक्ष, कांग्रेस विधायक दल (CLP) के नेता और महासचिव या प्रभारी से जुड़े AICC सचिव भी इन कमेटियों के पदेन सदस्य होंगे.
पंजाब में दूसरी पार्टियों से आने वाले नेताओं के लिए बनी चार सदस्यीय कमेटी
इस बीच, पंजाब में प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) ने रविवार को दूसरी राजनीतिक पार्टियों से कांग्रेस में शामिल होने वाले नेताओं की प्रक्रिया पर नजर रखने और समन्वय बनाने के लिए चार सदस्यीय कमेटी गठित की है.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, कमेटी में कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) के सदस्य विजय इंदर सिंगला और पंजाब कांग्रेस विधायक दल की उपनेता अरुणा चौधरी को शामिल किया गया है. इनके अलावा पूर्व विधायक खुशदीप सिंह ढिल्लों और विधायक हरदेव सिंह लड्डी भी कमेटी के सदस्य होंगे.
स्थानीय नेताओं की सहमति के बाद ही पार्टी में मिलेगी एंट्री
पार्टी ने साफ किया है कि किसी भी बाहरी नेता को स्थानीय नेताओं से बातचीत किए बिना कांग्रेस में शामिल नहीं किया जाएगा. इसका मकसद पार्टी के भीतर संभावित मतभेदों को रोकना और जमीनी स्तर पर एकजुटता बनाए रखना है.
आदेश में कहा गया है कि किसी भी नेता को पार्टी में शामिल करने से पहले संबंधित क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष से सलाह-मशविरा करना जरूरी होगा. उनकी राय को ध्यान में रखने और स्थानीय नेतृत्व के साथ बेहतर तालमेल बनाने के बाद ही सदस्यता देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है. पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने और दूसरी पार्टियों से आने वाले नेताओं को शामिल करने की प्रक्रिया को व्यवस्थित करने की दिशा में यह कदम उठाया है.
ये भी पढ़ें: इंदिरा गांधी से बहुत डरती थीं सोनिया, राजीव के साथ रोमांस को बताया जादुई