Tuesday, 3 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

सरगुजा ओलंपिक 2026-27, जिला स्तरीय प्रतियोगिता शुरू:सात ब्लॉकों के 1800 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, विधायक ने फुटबाल को किक मार किया शुभारंभ

INT News3 November 2026 at 09:49 pm

सरगुजा ओलंपिक 2026-27 के तहत जिला स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ मंगलवार शाम गांधी स्टेडियम अंबिकापुर में किया गया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने फुटबाल को किक मारकर किया। इसका शुभंकर ‘गजरू’ बनाया गया है। सरगुजा के खेल इतिहास में पहली बार फ्लड लाइट की रोशनी में फुटबॉल मैच का आयोजन भी विशेष आकर्षण रहेगा। इस प्रतियोगिता में जिले के सातों विकासखंडों अम्बिकापुर, उदयपुर, बतौली, मैनपाट, लखनपुर, लुंड्रा एवं सीतापुर के लगभग 1800 खिलाड़ी, कोच एवं मैनेजर शामिल हो रहे हैं। प्रतियोगिता में जूनियर बालक एवं बालिका खिलाड़ी विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। ’’खेले बार आघू आबो सरगुजा के मान बढ़ाबो’’ के स्लोगन के साथ खिलाड़ी सरगुजा ओलंपिक में हो रहे शामिल। इस ओलंपिक प्रतियोगिता में तीरंदाजी, रस्साकसी महिला, फुटबॉल, एथलेटिक, बास्केटबाल, बॉलीबाल, कुश्ती, कराटे, कब्बडी, खो-खो एवं बैडमिंटन खेल शामिल हैं। निरंतर मेहनत और अनुशासन जरूरी मुख्य अतिथि विधायक प्रबोध मिंज ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी टीम में स्थान बनाने के लिए निरंतर मेहनत और अनुशासन जरूरी है। खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने के लिए नियमित अभ्यास करना चाहिए। विधायक ने अपने स्कूल एवं कॉलेज के दिनों के खेल अनुभव साझा करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। सभी खिलाड़ी खेल भावना एवं नियमों का पालन करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करें तथा संभाग, राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन करें। मुख्य अतिथि ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना, खेल के नियमों के पालन तथा अपने जिले के गौरव एवं सम्मान को बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा से खेलने की शपथ दिलाई। 88 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने कराया था पंजीयन सरगुजा ओलंपिक के प्रति जिले के खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला है। प्रतियोगिता के प्रथम चरण में जिले के सातों विकासखंडों से कुल 88,509 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया। इनमें 36,319 पुरुष एवं 52,190 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। ब्लॉक स्तर पर 01 से 10 अक्टूबर तक जिले के सभी सात विकासखंडों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। ब्लॉक स्तर पर चयनित खिलाड़ी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल हो रहे हैं। विजेता खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार एवं मेडल प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, भरत सिंह सिसोदिया ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए बेहतर खेल के लिए शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित थे।