Friday, 27 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

UP Pensioners: यूपी के पेंशनभोगियों को बड़ी राहत, अब चेहरे की पहचान से घर बैठे जमा होगा जीवन प्रमाणपत्र, बैंक-कोषागार जाने की झंझट खत्म

INT News27 November 2026 at 06:07 am

UP News, (पवन तोमर) लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पेंशनभोगियों को जीवन प्रमाणपत्र जमा कराने के लिए अब बैंक और कोषागार के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी. डिजिटल सुविधा के जरिए वे अपने स्मार्टफोन से घर बैठे ही जीवन प्रमाणपत्र जमा कर सकेंगे. इसके लिए फेस ऑथेंटिकेशन यानी चेहरे की पहचान की व्यवस्था शुरू की गई है. सरकार की इस पहल से खासकर बुजुर्ग पेंशनभोगियों को काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है.

88 फीसदी से अधिक लक्ष्य पूरा

प्रदेश में एक नवंबर से चल रहे डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान 5.0 के तहत प्रमाणपत्र जमा कराने का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है. 24 नवंबर तक प्रदेशभर में 2,93,188 पेंशनभोगी डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा करा चुके हैं. यह निर्धारित लक्ष्य का 88.05 प्रतिशत है. भारत सरकार के पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग की ओर से यह अभियान प्रदेश के सभी जिलों में संचालित किया जा रहा है.

चेहरे की पहचान से पूरी होगी प्रक्रिया

इंदिरा नगर स्थित वित्तीय प्रबंधन, प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान में कोषागार निदेशालय की ओर से विशेष महाशिविर आयोजित किया गया. इस दौरान विभाग की सचिव निवेदिता शुक्ला वर्मा ने बताया कि पेंशनभोगी अपने स्मार्टफोन में संबंधित मोबाइल ऐप डाउनलोड कर फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र बना सकते हैं. इसके लिए उन्हें बैंक या कोषागार में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने की आवश्यकता नहीं होगी. उन्होंने पेंशनभोगियों को इस तकनीक के प्रति जागरूक करने और अधिक से अधिक लोगों तक इसका लाभ पहुंचाने पर जोर दिया.

11 लाख पेंशनभोगियों को मिलेगी सुविधा

प्रदेश के कोषागारों से करीब 11 लाख पेंशनभोगी जुड़े हुए हैं. नवंबर महीने में लंबित 5.55 लाख जीवन प्रमाणपत्रों के सापेक्ष 3.33 लाख प्रमाणपत्र जमा कराने का लक्ष्य तय किया गया है. अभियान की अब तक की प्रगति को देखते हुए 30 नवंबर तक कुल 3,66,485 प्रमाणपत्र जमा होने का अनुमान है. निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने के लिए विभाग की ओर से प्रयास तेज किए जा रहे हैं.

कई शहरों में लगाए गए विशेष शिविर

डिजिटल प्रमाणपत्र जमा कराने में पेंशनभोगियों की मदद के लिए प्रयागराज, गोरखपुर और वाराणसी में भी विशेष महाशिविर लगाए जा चुके हैं. शिविरों में बैंकों और कोषागारों की ओर से अलग-अलग स्टॉल लगाकर पेंशनभोगियों को प्रक्रिया समझाने और प्रमाणपत्र जमा कराने में सहायता दी जा रही है. अभियान का मकसद पेंशनभोगियों को अनावश्यक भागदौड़ से बचाना और डिजिटल माध्यम से जीवन प्रमाणपत्र जमा करने की व्यवस्था को अधिक सुलभ बनाना है.

Must Read: UP Panchayat Election 2026: यूपी में ग्राम प्रधान 6 महीने और रहेंगे प्रशासक, सरकार ने जारी किया आदेश, जानें वजह, अब कब होंगे पंचायत चुनाव?