समाचार · मध्य प्रदेश
महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन:श्योपुर में बिजली बिल, गैस सिलेंडर, ई-20 ईंधन के बढ़ते दामों पर जताई नाराजगी
बढ़ती महंगाई के विरोध में श्योपुर जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को शहर में रैली निकालकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने बिजली बिल, गैस सिलेंडर के बढ़ते दाम, शक्कर की कीमतों और ई-20 ईंधन से हो रही परेशानियों को लेकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई। हाथों में तख्तियां लेकर निकाली रैली
रैली अंबेडकर पार्क से शुरू हुई। कार्यकर्ता हाथों में बैनर, पोस्टर और तख्तियां लेकर महंगाई के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जय स्तंभ, गांधी पार्क, मुख्य बाजार, गणेश बाजार और पुल दरवाजा होते हुए बड़ौदा रोड पहुंचे। इसके बाद अंबेडकर पार्क पहुंचकर प्रदर्शन का समापन किया गया। महंगाई को लेकर सरकार को घेरा
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई का सीधा असर आम आदमी के घरेलू बजट पर पड़ रहा है। बिजली के बढ़ते बिल, रसोई गैस और अन्य जरूरी सामानों की कीमतों में वृद्धि से गरीब परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में विफल रही है। ई-20 ईंधन पर भी उठाए सवाल
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ई-20 ईंधन को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आम उपभोक्ताओं की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए राहत के कदम उठाने की मांग की। प्रदर्शन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष मांगीलाल फौजी, विधायक बाबू जंडेल, दौलतराम गुप्ता, संजीव कुशवाहा, योगेश जाट, चीनी कुरैशी और सुमेर सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।