समाचार · बिहार
मनेर में आभूषण दुकानदार के बंद घर में 40 लाख की चोरी, लॉकर तोड़कर सोना-चांदी और नकदी ले उड़े चोर

Maner 40 Lakhs Theft : पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र के टाटा कॉलोनी गांव में अज्ञात चोरों ने एक आभूषण दुकानदार के बंद घर में लाखों रुपये की चोरी कर ली. चोर घर के अलग-अलग कमरों का ताला तोड़कर करीब 30 से 40 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, लाखों रुपये नकद, पीतल के बर्तन, कपड़े और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.
लॉकर तोड़कर गहने और नकदी ले गए चोर
जानकारी के अनुसार, माधोपुर पंचायत के टाटा कॉलोनी गांव निवासी आभूषण दुकानदार धर्मेंद्र कुमार स्वर्णकार अपने नए मकान के गृह प्रवेश और पूजा समारोह में शामिल होने के लिए पूरे परिवार के साथ मनेर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या आठ स्थित गांधी हाट मोहल्ले में गए थे. इसी दौरान घर बंद होने का फायदा उठाकर चोर उनके पुराने मकान में घुस गए. चोरों ने बारी-बारी से सभी कमरों के ताले तोड़ दिए और घर में रखे सामान को खंगाल डाला. इसके बाद लॉकर तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी भी चोरी कर ली.
देर रात घर लौटे तो बिखरा पड़ा था सामान
बताया जाता है कि पूजा समारोह संपन्न होने के बाद देर रात धर्मेंद्र कुमार स्वर्णकार अपने टाटा कॉलोनी स्थित घर पहुंचे. वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. घर के सभी कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और लॉकर टूटा हुआ था. घर में रखे कीमती सामान गायब थे. इसके बाद उन्होंने तत्काल मनेर पुलिस को घटना की सूचना दी और थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, डॉग स्क्वायड से भी होगी जांच
सूचना मिलते ही मनेर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके. मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम से भी जांच कराने की तैयारी है. पुलिस के अनुसार, पीड़ित की लिखित शिकायत मिल गई है और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
चोरों की पहचान और गिरफ्तारी पर पुलिस का फोकस
फिलहाल चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत और पूरी सूची का सत्यापन किया जाना बाकी है. पीड़ित ने चोरी में करीब 30 से 40 लाख रुपये के सामान के नुकसान की बात बताई है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि इस वारदात में कितने लोग शामिल थे और चोरी की योजना कैसे बनाई गई.
Also Read : पटना में अलाव से 30% बढ़ जाता है पीएम 2.5 का स्तर, खुले में आग जलाने पर रोक के निर्देश