समाचार · पंजाब
अमृत भारत योजना से चमका जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन:13 जुलाई को पीएम मोदी कर सकते हैं भव्य उद्घाटन, चुनावी रैली को भी करेंगे संबोधित
देशभर में रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण के लिए चल रही 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन को पूरी तरह से नया रूप दे दिया गया है। उत्तर रेलवे के जनरल मैनेजर (GM) राजेश कुमार पांडे ने आज स्टेशन का दौरा कर चल रहे अंतिम कार्यों का निरीक्षण किया। रेलवे के विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 जुलाई को इस नवनिर्मित स्टेशन का उद्घाटन करने जालंधर आ सकते हैं। माना जा रहा है कि पीएम मोदी इस दौरे के दौरान एक रैली को संबोधित भी कर सकते है। विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस हुआ जालंधर कैंट स्टेशन केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत पंजाब सहित देशभर के कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है। इसी कड़ी में जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन की पुरानी इमारत को तोड़कर उसे एक आधुनिक और भव्य रूप दिया गया है। यात्रियों की सहूलियत के लिए यहाँ विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा तैयार किया गया है। जनरल मैनेजर ने किया बारीकी से निरीक्षण स्टेशन के उद्घाटन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए आज उत्तर रेलवे के जनरल मैनेजर (GM) राजेश कुमार पांडे विशेष रूप से जालंधर कैंट पहुंचे। उन्होंने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और यात्री सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। जीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फिनिशिंग का जो भी थोड़ा-बहुत काम बचा है, उसे अगले कुछ ही दिनों में युद्ध स्तर पर पूरा कर लिया जाए। 13 जुलाई को आ सकते हैं पीएम मोदी जनरल मैनेजर राजेश कुमार पांडे ने प्रधानमंत्री के आगमन की आधिकारिक पुष्टि नहीं की और कहा कि "शीर्ष नेतृत्व से जो भी आदेश मिलेगा, उसी के अनुसार कार्यक्रम तय होगा।" लेकिन रेलवे के उच्च पदस्थ और विश्वसनीय सूत्रों का दावा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 13 जुलाई को जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करने खुद पंजाब आ रहे हैं। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले पीएम मोदी का दैरा राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि पीएम मोदी का यह दौरा केवल एक रेलवे स्टेशन के उद्घाटन तक सीमित नहीं रहेगा। सूत्रों के मुताबिक, जालंधर में प्रधानमंत्री की एक बड़ी जनसभा (रैली) आयोजित करने की रूपरेखा भी तैयार की जा रही है। इस रैली के जरिए पीएम मोदी पंजाब में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के प्रचार अभियान का शंखनाद कर सकते हैं। सुरक्षा और तैयारियों का दौर शुरू प्रधानमंत्री के संभावित दौरे की खबर के बाद से ही स्थानीय प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और पंजाब पुलिस अलर्ट मोड पर आ गए हैं। स्टेशन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है। यदि 13 जुलाई को पीएम मोदी का यह दौरा होता है, तो यह पंजाब की राजनीति और विकास दोनों ही लिहाज से एक बड़ा और दूरगामी मोड़ साबित होगा।