Friday, 27 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

रातू से लापता तीन साल का बच्चा 3 घंटे में बरामद, सीसीटीवी खंगालते हुए पुलिस पहुंची महिला के घर

INT News27 November 2026 at 07:44 am

Ranchi Child Missing: रातू थाना क्षेत्र के रवि स्टील चौक के पास से लापता हुए तीन साल के बच्चे सिद्धार्थ को पुलिस ने महज तीन घंटे में सकुशल बरामद कर लिया. बच्चा गुरुवार की सुबह करीब 11:30 बजे अपने पिता की दुकान से खेलते-खेलते बाहर निकल गया था. इसके बाद वह करीब दो किलोमीटर दूर झिरी रोड स्थित विवेकानंद कॉलोनी में एक महिला के घर में सोया हुआ मिला. पुलिस ने करीब दो किलोमीटर के रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालते हुए बच्चे तक पहुंच बनाई.

ये भी पढ़ें: दांतों से पेन पकड़कर लिखते हैं मो फैजानुल्लाह, JAC मैट्रिक में हासिल किए 93.8% अंक

दुकान से खेलते-खेलते निकला, फिर नहीं मिला

बच्चे के पिता रघुवीर चौधरी रवि स्टील चौक स्थित चौधरी मोहल्ला में चाय और पूजा सामग्री की दुकान चलाते हैं. बताया गया कि गुरुवार को सिद्धार्थ दुकान पर ही पिता के साथ मौजूद था. इसी दौरान वह खेलते-खेलते दुकान से बाहर निकल गया. काफी देर तक जब बच्चा वापस नहीं आया, तो पिता ने आसपास उसकी तलाश शुरू की. बच्चे का कहीं पता नहीं चलने पर उन्होंने अनहोनी की आशंका जताते हुए रातू थाना में लिखित शिकायत दी. बच्चे की मां रुबी कुमारी इलाज के लिए अस्पताल गयी हुई थीं, जबकि 12 वर्षीय बड़ा बेटा घर पर था. बच्चे के अचानक लापता होने की सूचना मिलते ही परिवार में चिंता बढ़ गयी.

सीसीटीवी फुटेज से महिला तक पहुंची पुलिस

सूचना मिलते ही रातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की. पुलिस को शुरुआती फुटेज में एक महिला बच्चे को अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दी. इसके बाद पुलिस ने महिला के साथ बच्चे की गतिविधियों को कैमरों के जरिये लगातार ट्रैक किया. करीब तीन घंटे तक लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को बच्चे की अंतिम लोकेशन झिरी रोड स्थित विवेकानंद कॉलोनी के पास मिली. पुलिस टीम तत्काल वहां पहुंची और एक महिला के घर से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया. उस समय बच्चा घर में सोया हुआ था.

ये भी पढ़ें: नामकुम में दो स्कूल बसों की भिड़ंत से मची अफरातफरी, घायल बच्चों को ले गया स्कूल प्रबंधन

सड़क पर रोते मिला था बच्चा

पुलिस के अनुसार, संबंधित महिला ने बताया कि बच्चा उसे सड़क पर रोते हुए मिला था. आसपास कोई परिजन नजर नहीं आने पर वह बच्चे को अपने घर ले आयी थी. इसके बाद बच्चा उसके घर में सो गया. बच्चे के सकुशल मिलने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली. फिलहाल रातू थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और महिला से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस मामले में बच्चे के दुकान से निकलने से लेकर महिला के घर तक पहुंचने के पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है.