समाचार · उत्तर प्रदेश
बहराइच में तेंदुए से भिड़ गई मां, संघर्ष कर बचाई खुद की और बच्चे की जान

UP News : उत्तर प्रदेश के बहराइच से हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. देर रात घर में घुसे एक तेंदुए ने अपने मासूम बच्चे के साथ सो रही महिला पर अचानक हमला कर दिया. लेकिन महिला ने हिम्मत नहीं हारी. उसने करीब एक मिनट तक तेंदुए से संघर्ष किया और आखिरकार अपनी और बच्चे की जान बचाने में कामयाब रही. शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद तेंदुआ जंगल की ओर भाग निकला. घायल महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
सुजौली के धनिया बेली गांव की घटना
यह मामला थाना सुजौली क्षेत्र के धनिया बेली गांव का है. डीएफओ अपूर्व दीक्षित के अनुसार, यह गांव कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग की सुजौली रेंज में आता है. यहां 26 वर्षीय लाली देवी, पत्नी जय प्रकाश, अपनी बच्ची के साथ घर में सो रही थीं.
अचानक घर में घुसा तेंदुआ, महिला पर कर दिया हमला
रात के दौरान अचानक एक तेंदुआ घर के अंदर घुस आया और सो रही लाली देवी पर हमला कर दिया. हमले के बावजूद महिला ने हिम्मत नहीं छोड़ी और अपनी जान बचाने के लिए तेंदुए से मुकाबला करती रही. करीब एक मिनट तक दोनों के बीच संघर्ष चलता रहा.
चीख-पुकार सुन दौड़े परिजन, भाग निकला तेंदुआ
महिला की चीख सुनकर घर और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. परिजनों ने शोर मचाया और हांका लगाया, जिसके बाद तेंदुआ वहां से निकलकर जंगल की ओर भाग गया.
महिला घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज
हमले में लाली देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं. उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
वन विभाग ने किया निरीक्षण, ग्रामीणों को किया सतर्क
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके का निरीक्षण किया. वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और विशेष रूप से शाम के समय अकेले बाहर न निकलने की अपील की है.
परिजनों को मिली आर्थिक सहायता, इलाके में बढ़ाई गई कांबिंग
वन दरोगा अनिल पटेल ने घायल महिला के परिजनों को तत्काल 3 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई. डीएफओ अपूर्व दीक्षित ने बताया कि इलाके में कांबिंग तेज कर दी गई है, ताकि तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
Also Read : Gen-Z को साधने की तैयारी में योगी सरकार,UP में बनेगा राज्य युवा आयोग; युवाओं की राय से तय होगी नई नीति