समाचार · छत्तीसगढ़
पैसों के लिए इंजीनियरिंग स्टूडेंट्स करने लगे चेन स्नेचिंग:पुलिस ने दो वारदातों में शामिल दोनों दोस्त को किया गिरफ्तार, मॉर्निंग वॉक पर निकली महिलाओं को बनाते थे निशाना
भिलाई में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे युवक-युवती पढ़ाई के साथ-साथ चेन स्नेचिंग और झपटमारी भी कर रहे थे। पैसों की कमी से जुझ रहे दोनों दोस्तों ने अपने शौक पूरे करने और अपने पढ़ाई के खर्चे उठाने के लिए स्कूटी से सुबह के समय इलाके में घूमते थे और पैदल टहलने वाली महिलाओं को निशाना बनाते थे। स्कूटी पर पीछे बैठा आरोपी अचानक महिला के गले से चेन खींचता और दोनों तेजी से मौके से भाग जाते थे। पहचान छिपाने के लिए हेलमेट और चेहरे पर कपड़ा बांधकर वारदात की जाती थी। सुपेला पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने 31 जुलाई और 20 सितंबर को चेन झपटमारी की दो घटनाओं में शामिल होना बताया है। पुलिस ने उनके कब्जे से सोने की चेन का बरामद हिस्सा और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी जब्त की है। दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। 31 जुलाई को सीसीटीवी में कैद हुई थी वारदात
पहली वारदात 31 जुलाई की सुबह हुई थी। करीब 6:32 बजे गीता देवी (62) घर के सामने टहल रही थीं। इसी दौरान स्कूटी सवार दोनों युवक-युवती वहां पहुंचे। स्कूटी के पीछे बैठे युवक ने उनके गले से सोने की चेन झपटी और दोनों वहां से भाग गए। घटना के बाद सुपेला पुलिस ने आसपास लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालनी शुरू की। एक दिन पहले फिर किया वारदात
इसके बाद 20 सितंबर को नेहरू नगर ईस्ट की विद्या विहार कॉलोनी में गीता देवी के साथ दोबारा चेन झपटमारी की घटना हुई। एक ही महिला को दोबारा निशाना बनाए जाने के बाद पुलिस ने पुराने मामले से भी कड़ियां जोड़कर जांच शुरू की। इसी दौरान कैमरों में नजर आए आरोपियों और उनके वाहन के बारे में पुलिस को सुराग मिला। जांच के दौरान पुलिस ने विक्की नायक को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपने साथी तरूणा सिन्हा के साथ दोनों घटनाओं में शामिल होना बताया। पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई की वारदात में स्कूटी क्रमांक सीजी-07-एनएन-6415 का इस्तेमाल किया गया था। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने चेन का हिस्सा और स्कूटी से जुड़ी कार्रवाई भी की। भिलाई में पढ़ाई करने आए थे दोनों
दोनों युवक-युवती भिलाई में इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने आए हैं। आरोपी विक्की नायक (23), निवासी बालाघाट, मध्यप्रदेश का रहने वाला है जो वर्तमान में तितुरडीह, दुर्ग में रह रहा है। वहीं युवती तरूणा सिन्हा (20) राजनांदगांव की रहने वाली है जो वर्तमान में तितुरडीह दुर्ग में रह रही है। दोनों यहां रहकर इंजीनियरिंग की पढाई कर रहे हैं। सुबह टहलने वाली महिलाओं को बनाते थे निशाना
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी दोस्त हैं। पैसों की कमी की वजह से वे चोरी और चेन स्नेचिंग तक करने लगे। दोनों आरोपी सुबह के समय स्कूटी से ऐसे इलाकों में घूमते थे, जहां महिलाएं टहलने निकलती हैं। बुजुर्ग महिला अकेली दिखाई देने पर उसे निशाना बनाया जाता था। युवती स्कूटी चलाती थी और पीछे बैठा युवक मौका मिलते ही चेन खींचता था। इसके बाद दोनों तेजी से निकल जाते थे। पुलिस ने दोनों ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।