Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

पहले अपनों को खोया, अब नहीं मिल रहे शव:पानीपत में मेडलआर पोर्टल बंद होने से अटके शव, नहीं हो रहा पोस्टमार्टम

INT News25 October 2026 at 04:39 pm

पानीपत के सरकारी अस्पताल के शवगृह में पोस्टमार्टम के लिए बनाया गया पोर्टल शनिवार रात से बंद है। इसकी वजह से शवगृह में आए शवों का पोस्टमार्टम नहीं हो पा रहा है। हालात ये हैं कि घर में किसी की पत्नी नहीं रही, किसी का बच्चा दुनिया छोड़ गया तो किसी ने अपना प्रियजन खो दिया। परिवारों पर पहले ही दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था, लेकिन अब सरकारी पोर्टल का सर्वर ठप होने से मृतकों के परिजनों को अपनों के शव मिलने का इंतजार भी करना पड़ रहा है। जिला नागरिक अस्पताल में रात से आए पांच शवों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया अटक गई है। कोई रात से अस्पताल में बैठा है तो कोई सुबह से इस उम्मीद में है कि पोर्टल चालू होगा और पोस्टमार्टम के बाद शव मिल जाएगा। किसी को उत्तर प्रदेश के बहराइच जाना है तो किसी को अपने गांव पहुंचकर अंतिम संस्कार करना है। एक परिवार ने तो एंबुलेंस भी बुला ली, लेकिन सर्वर ठप होने से सफर शुरू नहीं हो सका। समय बीतने के साथ परिजनों की बेचैनी बढ़ती गई। उन्हें चिंता सताने लगी कि देरी के कारण अंधेरा होने पर अंतिम संस्कार कैसे करेंगे। ये है पोर्टल अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया हरियाणा सरकार के मेडलआर पोर्टल के जरिए होती है। इसी पर शव की एंट्री से लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट अपलोड करने तक का काम किया जाता है। डॉक्टरों के मुताबिक, सुबह से पोर्टल नहीं चल रहा था। इसके चलते सामान्य प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम शुरू नहीं हो पा रहे थे। तकनीकी खराबी के बीच मृतकों के परिजन अस्पताल में बैठे अपने प्रियजनों के शव मिलने की राह देखते रहे। पत्नी को खोया, अब शव के लिए रात से इंतजार कर रहा इंद्र मृतका रेनू के पति इंद्र ने बताया कि उनके लिए यह वक्त बेहद मुश्किल भरा है। पत्नी की मौत के बाद उन्हें उसका शव लेकर उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले जाना था। पानीपत से करीब 700 किलोमीटर दूर अपने घर पहुंचने के लिए उन्होंने एंबुलेंस तक बुला ली थी, लेकिन पोस्टमार्टम नहीं होने से वे आगे नहीं बढ़ सके। इंद्र ने बताया कि उनकी पत्नी की रात को मौत हो गई थी। वे रात से ही अस्पताल में इंतजार कर रहे हैं। परिवार को लंबा सफर तय करके बहराइच पहुंचना है, लेकिन पोर्टल ठप होने के कारण पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही। पत्नी को खोने के दुख के बीच शव मिलने में हो रही देरी ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है। प्रिंस और ऋतिक के परिजन भी शव मिलने की राह देखते रहे प्रिंस के परिजन सुनील ने बताया कि प्रिंस की मौत रात को हुई थी। परिवार अस्पताल में पोर्टल चालू होने का इंतजार कर रहा है, ताकि पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर जा सकें और अंतिम संस्कार कर सकें। परिजनों के लिए हर गुजरता घंटा भारी पड़ रहा था। वहीं, ऋतिक के परिजन भी बच्चे का शव लेकर अस्पताल पहुंचे थे। उन्हें भी डॉक्टरों ने पोर्टल का सर्वर डाउन होने की वजह से पोस्टमार्टम नहीं हो पाने की जानकारी दी। अपनों को खोने का दुख झेल रहे इन परिवारों के लिए शव मिलने का इंतजार एक और पीड़ा बन गया। कुछ परिजन शवगृह में शव छोड़कर चले गए। उनका कहना था कि यदि देरी होती रही तो अंधेरा होने के बाद अंतिम संस्कार करना मुश्किल हो जाएगा। शव की एंट्री से रिपोर्ट तक इसी पोर्टल पर निर्भरता डॉक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि मेडलआर पोर्टल का सर्वर डाउन होने के कारण शव की एंट्री नहीं हो पा रही थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी इसी पोर्टल पर अपलोड की जाती है। इसके बिना सामान्य प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकती। सर्वर को चालू करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। उन्होंने बताया कि किसी विशेष आपात स्थिति में पोस्टमार्टम करवाने की जरूरत पड़े तो इसके लिए उच्च अधिकारियों की अनुमति लेनी पड़ती है। ऐसा चुनिंदा मामलों में ही किया जाता है, क्योंकि पोस्टमार्टम पहले होने और रिपोर्ट बाद में आने पर कानूनी प्रक्रिया के दौरान सवाल उठ सकते हैं।