Wednesday, 15 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

भिवानी में पीएम के दौरे को लेकर NSUI की बैठक:छात्रों की समस्याओं का ज्ञापन प्रधानमंत्री तक पहुचाएंगे, बोले- छात्रों की गूंज अभियान की तैयारी

INT News15 July 2026 at 04:50 pm

भिवानी में एनएसयूआई द्वारा चलाए जा रहे छात्रों की गूंज अभियान के अंतर्गत जिला अध्यक्ष मंजीत लांग्यांन की अध्यक्षता में जिलेभर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक में 17 जुलाई को हरियाणा के जींद में प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के दौरान विद्यार्थियों की समस्याओं एवं मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में निर्णय लिया कि अभियान के दौरान भिवानी जिले के विभिन्न विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों से प्राप्त सुझावों, शिकायतों एवं मांगों को संकलित कर तैयार किया। ज्ञापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सौंपने का प्रयास किया जाएगा। मंजीत लांग्यान ने कहा कि इसको लेकर डीसी, एडीसी तथा प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को ई-मेल के माध्यम से पत्र भेजकर नियमानुसार आवश्यक अनुमति एवं प्रशासनिक सहयोग का अनुरोध किया है। पत्र में अनुरोध किया है कि यदि सुरक्षा अथवा प्रशासनिक कारणों से प्रत्यक्ष रूप से ज्ञापन सौंपना संभव न हो, तो उक्त ज्ञापन को विधिवत प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यह रखी जाएंगी मुख्य मांगे

-2026 NEET परीक्षा से जुड़े पेपर लीक एवं अन्य अनियमितताओं की निष्पक्ष, समयबद्ध एवं पारदर्शी जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

-राष्ट्रीय स्तर की सभी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए पूर्णतः सुरक्षित, पारदर्शी एवं तकनीक आधारित पेपर लीक फ्री एग्जामिनेशन सिस्टम लागू किया जाए।

-परीक्षा प्रणाली में हुई गंभीर प्रशासनिक विफलताओं की नैतिक जिम्मेदारी तय करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा लिया जाए।

-हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET-2026) में हुई अनियमितताओं की उच्च स्तरीय स्वतंत्र जांच कराई जाए।

-जिले के अनुसूचित जाति (SC) एवं पिछड़ा वर्ग (BC) के पात्र UG एवं PG विद्यार्थियों की वर्षों से लंबित छात्रवृत्ति का तत्काल भुगतान किया जाए तथा छात्रवृत्ति वितरण के लिए समयबद्ध एवं पारदर्शी व्यवस्था लागू की जाए।

-राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर विद्यार्थियों की शिकायतों के समाधान के लिए छात्र शिकायत निवारण प्रणाली स्थापित की जाए।

-जिले के सरकारी शिक्षण संस्थानों में रिक्त शिक्षकीय एवं गैर-शिक्षकीय पदों पर शीघ्र नियुक्तियां की जाएं तथा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सुधार लागू किए जाएं। पीएम मोदी तक विद्यार्थियों की आवाज पहुंचाना उद्देश्य

मंजीत लांग्यांन ने कहा कि छात्रों की गूंज अभियान किसी एक संगठन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की वास्तविक समस्याओं को देश के सर्वोच्च नेतृत्व तक पहुंचाने का माध्यम है। उनका उद्देश्य पूर्णतः लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से विद्यार्थियों की आवाज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंचाना है। इसलिए हमने प्रशासन से आवश्यक अनुमति एवं सहयोग का अनुरोध किया है।