Tuesday, 17 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

दो खरीदी केंद्रों से 282 बोरी धान जब्त:खोडरी में 240 और गौरेला में 42 बोरी धान मिला; बिचौलियों के जरिए खपाने की आशंका

INT News16 November 2026 at 10:42 pm

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान गड़बड़ी की आशंका में जिला प्रशासन ने खोडरी और गौरेला उपार्जन केंद्रों से 282 बोरी (119 क्विंटल) धान जब्त किया। कार्रवाई कलेक्टर विजय दयाराम के. के मार्गदर्शन में राजस्व, खाद्य, सहकारिता और कृषि विभाग की संयुक्त टीमों ने की। जांच के दौरान ग्रीष्मकालीन, पुराना और मिश्रित किस्म का धान विक्रय के लिए लाया गया था। बिचौलियों के जरिए धान खपाने की आशंका के आधार पर टीमों ने कार्रवाई की। बिचौलियों के जरिए धान खपाने की आशंका खोडरी उपार्जन केंद्र में समिति कर्मचारियों की मौजूदगी में धान की गुणवत्ता और नमी जांची गई। जांच में दो किसानों के पास ग्रीष्मकालीन फसल का पुराना और मिश्रित किस्म का धान मिला। धान के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं देने पर टीम ने बिचौलियों के जरिए धान खपाने की आशंका जताई। टीम ने नरेंद्र सिंह राठौर से 40 बोरी (20 क्विंटल) और हेमबाई राठौर, नामिनी राजेश कुमार राठौर से 200 बोरी (80 क्विंटल) धान जब्त किया। गौरेला उपार्जन केंद्र में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पेंड्रारोड, खाद्य निरीक्षक गौरेला और कृषि नोडल अधिकारी गौरेला की संयुक्त टीम ने जांच की। ग्राम आंदुल (भदौरा) के किसान पून्नू लाल ग्रीष्मकालीन और मिश्रित किस्म का धान बेचने लाए थे। टीम ने 42 बोरी (19 क्विंटल) धान जब्त कर समिति प्रबंधक गौरेला की सुपुर्दगी में सौंपा।