समाचार · छत्तीसगढ़
कांकेर-नारायणपुर सीमा पर नक्सल डंप बरामद:सर्चिंग अभियान में रायफल, AK-47 की गोलियां, पाइप बम और टिफिन IED मिले
कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र में कांकेर-नारायणपुर सीमा पर सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नक्सलियों के एक डंप का भंडाफोड़ किया है। सर्चिंग अभियान के दौरान भारी मात्रा में हथियार, आईईडी और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई। मौके पर विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया। यह कार्रवाई हेटारकसा, पल्लाहूर और जपमारका गांवों के बीच जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में चलाए गए सर्चिंग अभियान के दौरान की गई। बीएसएफ, डीआरजी और बीडीएस (बम डिस्पोजल स्क्वाड) की संयुक्त टीम ने अभियान को अंजाम दिया। हथियार और विस्फोटक बरामद सुरक्षा बलों ने डंप से एक .303 रायफल (मैगजीन सहित), एक बीजीएल लॉन्चर, .303 रायफल के 4 राउंड, AK-47 के 30 राउंड, एसएलआर के 4 राउंड और बीजीएल के 10 सेल बरामद किए। इसके अलावा करीब 3 किलोग्राम का टिफिन आईईडी और दो पाइप बम भी मिले। बीडीएस टीम ने मौके पर किया निष्क्रिय सुरक्षा की दृष्टि से बीडीएस टीम ने मौके पर ही टिफिन आईईडी, पाइप बम और बीजीएल सेल को निष्क्रिय कर सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। नक्सल उन्मूलन अभियान जारी अधिकारियों के निर्देश पर संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा बलों ने कहा कि क्षेत्र में सर्चिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।