समाचार · हरियाणा
टोहाना नगर परिषद में कर्मचारियों डाला कूड़ा:चेयरमैन आफिस के बाहर भी फेंका, स्टॉफ को काम करने में हुई परेशानी
टोहाना में सफाई कर्मचारियों की पिछले कई दिनों से चल रही हड़ताल ने गुरुवार को एक नया मोड़ ले लिया। अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने टोहाना नगर परिषद कार्यालय के विभिन्न कमरों में कूड़े-कचरे के ढेर लगा दिए, जिससे कार्यालय का कामकाज प्रभावित हुआ। कर्मचारियों ने नगर परिषद चेयरमैन के कमरे सहित अन्य कार्यालयों और गलियारों में भी कचरा डालकर सरकार व प्रशासन के खिलाफ रोष व्यक्त किया। कार्यालय के अंदर कचरा डाले जाने के कारण कर्मचारी कमरों से बाहर खड़े दिखाई दिए। प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय परिसर के बाहर भी धरना देकर नारेबाजी की। सरकारी कामकाज हुआ बाधित मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि सफाई कर्मचारी लंबे समय से हड़ताल पर हैं, लेकिन अभी तक उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ है। इस हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था पहले से ही प्रभावित थी, और अब नगर परिषद कार्यालय में कचरा डाले जाने से सरकारी कामकाज भी बाधित हो गया है। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार को जल्द से जल्द उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन उनकी हड़ताल को कमजोर करने का प्रयास कर रहा है। कर्मचारी नेताओं ने स्पष्ट किया कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपने अधिकार और मांगें उठा रहे हैं। हड़ताल जारी रखने की दी चेतावनी कर्मचारी नेताओं ने बताया कि ठेका प्रथा समाप्त करने और कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने सहित उनकी प्रमुख मांगें जब तक स्वीकार नहीं की जातीं, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने दावा किया कि नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। सफाई कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते उनकी मांगों पर बातचीत कर समाधान नहीं किया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। नगर परिषद कार्यालय में कूड़ा डाले जाने के कारण सामान्य कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहा।