Tuesday, 14 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

UCC को लेकर बोले सीएम, अपना रुख स्पष्ट करे कांग्रेस:हर विषय को देखती है हिंदू-मुस्लिम और वोट बैंक के नजरिए से, समिति ने सौंपी अंतिम रिपोर्ट

INT News14 July 2026 at 12:51 pm

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर गठित उच्च स्तरीय समिति ने अपनी अंतिम रिपोर्ट सरकार को सौंप दी है। अब कांग्रेस को भी इस विषय पर अपना स्पष्ट रुख बताना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि यूसीसी हो या भोजशाला का मुद्दा, कांग्रेस हर विषय को हिंदू-मुस्लिम और वोट बैंक की राजनीति के नजरिए से देखती है। मंगलवार को विधानसभा परिसर में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कैलाश जोशी की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी धर्मों के लोगों ने यूसीसी पर खुलकर अपने विचार रखे हैं, लेकिन कांग्रेस ने अब तक इस मुद्दे पर अपना पक्ष स्पष्ट नहीं किया है। तीन खंडों में तैयार की गई रिपोर्ट मुख्यमंत्री ने बताया कि यूसीसी के लिए गठित उच्च स्तरीय समिति ने 13 जुलाई को अपना अंतिम प्रतिवेदन सौंपा। उन्होंने निर्धारित समय-सीमा में रिपोर्ट प्रस्तुत करने पर समिति के अध्यक्ष और सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान समिति के सदस्य प्रो. गोपाल शर्मा, बुधपाल सिंह, शोभा पैठणकर और सदस्य सचिव अजय कटेसरिया भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री को सौंपी गई रिपोर्ट तीन खंडों में तैयार की गई है। पहले खंड में समिति की अनुशंसाएं शामिल हैं, जिनमें अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर लागू विभिन्न कानूनों एवं परंपराओं का विश्लेषण करते हुए सुझाव दिए गए हैं। इस भाग में कुल 10 अध्याय शामिल हैं। अनुसूचित जनजातियों को यूसीसी से बाहर रखने की सिफारिश रिपोर्ट के दूसरे खंड में प्रस्तावित विधेयक का प्रारूप दिया गया है। समिति ने मध्यप्रदेश में प्रचलित कानूनों और नियमों को ध्यान में रखते हुए विधेयक का मसौदा तैयार किया है। प्रस्तावित विधेयक में चार भाग, 404 धाराएं और सात अनुसूचियां शामिल हैं। रिपोर्ट के तीसरे खंड में जन-परामर्श का विस्तृत विवरण दिया गया है। समिति ने जिला स्तर, राज्य स्तर और वेबसाइट के माध्यम से व्यापक सुझाव आमंत्रित किए थे। इस प्रक्रिया में 9.58 लाख से अधिक सुझाव प्राप्त हुए, जिनका प्रश्नवार, लिंगवार और समुदायवार विश्लेषण रिपोर्ट में शामिल किया गया है। समिति ने अपनी अनुशंसाओं में अनुसूचित जनजातियों को समान नागरिक संहिता के दायरे से बाहर रखने की सिफारिश भी की है। अब सरकार रिपोर्ट का अध्ययन करने के बाद आगे की प्रक्रिया पर निर्णय लेगी। कांग्रेस ने राजनीतिक दल के नाते नहीं स्पष्ट की बात सीएम डॉ यादव ने कहा कि मुस्लिम, हिन्दू, ईसाई समाज ने अपने-अपने स्तर पर बात कही है, लेकिन कांग्रेस ने ऐसा नहीं किया। कांग्रेस को अपना रवैया स्पष्ट करना चाहिए। प्रदेश स्तर के राजनीतिक दल के नाते कांग्रेस ने अपनी बात तक स्पष्ट करना उचित नहीं समझा है। यह कांग्रेस के दोहरे रवैया अपनाने की ओर इंगित करता है।