समाचार · मध्य प्रदेश
रास्ता रोककर बंदूक तानी, जान से मारने की धमकी:दतिया के गोराघाट में तीन आरोपी गिरफ्तार; बंदूक और कार जब्त
दतिया में गोराघाट थाना क्षेत्र में रास्ता रोककर बंदूक दिखाने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बंदूक, 6 जिंदा राउंड और स्विफ्ट कार जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार 15 सितंबर को ग्वालियर निवासी दिनेश कुमार पाठक (60) ने शिकायत की थी कि, राजा यादव निवासी पड़री, मायाराम पाल निवासी निचरौली, सुनील पाल और रितिक यादव निवासी कुरैठा ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत पर गोराघाट थाने में केस दर्ज किया गया। कार्रवाई करते हुए राजा यादव, मायाराम पाल और सुनील पाल को गिरफ्तार किया गया। राजा से 306 बोर की बंदूक व 6 राउंड और सुनील से यूपी 93 बीजे 8865 नंबर की स्विफ्ट कार जब्त की गई। रितिक यादव की तलाश जारी है।