समाचार · मध्य प्रदेश
खरगोन दामखेड़ा मंदिर में 50 हजार श्रद्धालु पहुंचे:नाग पंचमी पर 21 लीटर दूध से अभिषेक, गिरिराज धरण का श्रृंगार
खरगोन के दामखेड़ा स्थित नागराज मंदिर में नाग पंचमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दोपहर तक करीब 50 हजार भक्त कतारबद्ध होकर नाग देवता के दर्शन कर चुके थे। श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर नारियल चढ़ाए और पूजा-अर्चना की। मंदिर में विशेष अनुष्ठान और महाआरती के बाद दर्शन के लिए कपाट खोले गए। भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और मंदिर समिति ने सुरक्षा व यातायात के विशेष इंतजाम किए। 21 लीटर दूध से हुआ भीलट देव का अभिषेक मंदिर में सोमवार सुबह 5 बजे तक विशेष अनुष्ठान संपन्न हुए। इसके बाद भीलट देव का 21 लीटर गाय के दूध से अभिषेक किया गया। भगवान का गिरिराज रूप में आकर्षक श्रृंगार किया गया। महाआरती के बाद मंदिर को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। मंदिर परिसर में लगा एक दिवसीय मेला नाग पंचमी को लेकर मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया था। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर और आसपास के क्षेत्र में बैरिकेडिंग की गई। पार्किंग व्यवस्था के साथ भक्तों को कतारबद्ध तरीके से मंदिर तक पहुंचाने के इंतजाम किए गए। इस अवसर पर एक दिवसीय मेले का भी आयोजन हुआ। शहर के अन्य मंदिरों में भी पहुंच रहे भक्त दामखेड़ा के नागराज मंदिर के अलावा नाग देवता की समाधि पर बने सिद्धनाथ महादेव मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। बीटीआई रोड, जिला अस्पताल के सामने और जैतापुर स्थित भिलट मंदिरों में भी सुबह से दर्शन-पूजन का सिलसिला जारी रहा। 23 साल बाद बना विशेष संयोग विद्वानों के अनुसार, इस बार नाग पंचमी पर सावन सोमवार और सूर्य गोचर का विशेष संयोग बना है। बताया गया कि इससे पहले वर्ष 2003 में श्रावण शुक्ल पंचमी और सोमवार एक ही दिन पड़े थे। करीब 23 साल बाद बने इस संयोग को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहा और मंदिरों में बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचे।