समाचार · हरियाणा
डबवाली के देसूजोधा ग्रामीणों ने प्रशासन को सौंपी रिपोर्ट:संक्रमण का शिकार हुए 60-70 मरीजों को मिलेगी आर्थिक मदद, सप्लाई ठीक आना शुरू
सिरसा जिले के डबवाली क्षेत्र के गांव देसूजोधा में दूषित पेयजल के कारण पीलिया और लीवर संक्रमण पर अब जाकर रोकथाम हुआ है। इससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। अब प्रशासन ने भी ग्रामीणों को आर्थिक सहयोग के लिए आश्वासन दिया है। इसे लेकर प्रशासन ने ग्रामीणों से उन मरीजों की लिस्ट मांगी है, जो संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। ग्रामीणों के अनुसार, गांव के करीब 60 से 70 लोग दूषित पेयजल पीने के कारण बीमार हो चुके हैं। इनमें बच्चे, युवा, महिला व बुजुर्ग शामिल है। अधिकांश मरीज इलाज के बाद ठीक हो गए। मगर एक युवती और बच्चे की हालत में ज्यादा सुधार नहीं हुआ है और बठिंडा में इलाज चल रहा है। ग्रामीणों ने मरीजों की लिस्ट बनाकर प्रशासन को सौंपी है, जिनको इलाज के लिए आर्थिक मदद दी जानी है। कई लोग आर्थिक तौर पर कमजोर है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार व प्रशासन ने इतना विरोध प्रदर्शन के बाद उनकी सुध ली है और गांव में पेयजल पाइप लाइन को दुरुस्त करवा दिया है। सप्लाई में अब पानी भी साफ आने लगा है। गांव में जगह-जगह पाइप में जो लीकेज थी, उसे ठीक कर दिया है। सप्लाई का पानी सही से आने लगा तो लोग बीमार होना कम हुए हैं। ग्रामीणों ने कहा कि प्रशासन ने देरी से सुनवाई की है। अगर पहले व्यवस्था की जाती तो इतने लोग बीमार नहीं होते। ऐसे शुरू हुआ विवाद और आश्वासन पर समाप्त धीरे-धीरे लोग बीमार होना हुए शुरू ग्रामीण गुरप्रेम देसूजोधा के अनुसार, गांव में पहले दूषित पेयजल के बारे में प्रशासन व पब्लिक हेल्थ अधिकारियों को अवगत करवाया था। मगर किसी ने संज्ञान नहीं लिया। सरकारी स्कूल में भी बच्चों के लिए साफ एवं शुद्ध पीने के पानी की व्यवस्था नहीं थी। सप्लाई में गंदा पानी आता था। लोग मजबूरी में यहीं पानी पीने लगे तो धीरे-धीरे बीमार होना शुरू हो गए। बच्चे, युवा, महिला व बुजुर्ग लीवर व पीलिया जैसी संक्रमित बीमारी के चपेट में आना शुरू हो गए। रेफर के बाद पंजाब जाने लगे मरीज ये आंकड़ा बढ़ता गया और डॉक्टर डबवाली अस्पताल से रेफर करने लगे। लोग नजदीकी बठिंडा के अस्पताल में इलाज करवाने लगे। लोगों की हालत बिगड़ती गई। तब जाकर ग्रामीणों ने गत शुक्रवार को गांव के जलघर के पास धरना शुरू हुआ था। धरने को जजपा सुप्रीमो अजय सिंह चौटाला और कालांवाली से चुनाव लड़ चुके प्रत्याशी देसूजोधा भी समर्थन देने पहुंचे थे। उन्होंने प्रशासन से बात की समाधान की मांग रखी। ऐसे हुआ समझौता शनिवार दोपहर को प्रशासन से तहसीलदार, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एक्सईएन, बीडीपीओ, सीएमओ और राजेंद्र देसूजोधा ग्रामीणों से मिलने पहुंचे और ग्रामीणों ने आर्थिक मदद और सप्लाई ठीक की मांग रखी थी। उनकी मांगों पर समाधान के साथ हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया।