समाचार · छत्तीसगढ़
डामर की कीमतें ढाई गुना बढ़ी,अटका 42 सड़कों का डामरीकरण:32 करोड़ के कार्य के लिए ठेकेदार तैयार नहीं, प्रतिपूर्ति राशि दिलाने ठेकेदारों को आश्वासन
बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद भी नगर निगम क्षेत्रों में सड़कों के मरम्मत और डामरीकरण का कार्य शुरू नहीं हो पाया है। 32 करोड़ रूपए की लागत से 42 सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी करने के बाद ठेकेदारों को कार्यादेश जारी कर दिया गया है। ठेकेदार डामरों की बढ़ी कीमतों के कारण कार्य करने के लिए तैयार नहीं हैं। ठेकेदारों के अनुसार बारिश के बाद डामरों की कीमतें ढाई गुना तक बढ़ गई हैं। नगर निगम द्वारा ठेकेदारों को प्रतिपूर्ति राशि दिए जाने आश्वासन दिया गया है। अंबिकापुर के नगर निगम क्षेत्र में सड़कों की दुर्दशा हो गई है। शहर के कई प्रमुख व्यवसायिक मार्गों में गड्ढों के कारण लोग परेशान हैं। शहर के अंदरूनी सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। नगर निगम के क्षेत्राधिकार में आने वाली 42 सड़कों के डामरीकरण के लिए 32 करोड़ रुपये का टेंडर किया गया है। ठेकेदारों को प्रक्रिया पूरी कर कार्यादेश भी दे दिया गया है। डामर मंहगा हुआ तो ठेकेदार काम करने तैयार नहीं पीडब्लूडी एवं नगरीय निकाय मंत्री अरूण साव ने अंबिकापुर प्रवास के दौरान बारिश खत्म होते ही सड़कों के डामरीकरण का कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया था। 15 अक्टूबर से डामरीकरण के कार्य शुरू होने थे। नगर निगम आयुक्त ने ठेकेदारों पर काम करने का दबाव बनाया तो ठेकेदारों ने डामर की बढ़ी कीमतों का हवाला देते हुए काम करने से हाथ खड़ा कर दिया। नगर निगम आयुक्त विनय अग्रवाल ने ठेकेदारों की बैठक लेकर उन्हें आश्वस्त किया है कि डामर की कीमतों हुए इजाफे को लेकर शासन भी गंभीर है। शासन द्वारा कैबिनेट में निर्णय लिया गया है कि डामर की कीमतों में हुई वृद्धि के मद्देनजर प्रतिपूर्ति की राशि प्रदान की जाएगी। निकाय के ठेकदेारों को भी प्रतिपूर्ति राशि दिलाई जाएगी। जल्द ही नगरीय प्रशासन से इस संबंध में आदेश जारी हो जाएगा। 105 रुपये किलो तक पहुंचे डामर के दाम ठेकेदारों ने बताया कि डामर का एसओआर दर 45 रूपए प्रति किलो है। वहीं बाजार दर सीधे 105 रूपए रूपए प्रति किलो तक हो गया है। डामर की कीमतों में लगभग ढाई गुना तक की वृद्धि से ठेकेदारों को काम करने में सीधा नुकसान है। बढ़ी हुई कीमतों पर काम करना ठेकेदारों के लिए बड़ी चुनौती है। ठेकेदारों ने कहा कि नगरीय प्रशासन से आदेश जारी होने के बाद वे तत्काल काम शुरू करने के लिए तैयार हैं। 42 सड़कों का होगा डामरीकरण नगर निगम क्षेत में शासन द्वारा मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के अंतर्गत 6 सड़कों के निर्माण के लिए 21 करोड़ रूपए की स्वीकृृति दी है। इस योजना के तहत महामाया मंदिर से खरसिया रोड, भट्ठा पारा से रिंग रोड, फारेस्ट बेरियर से शंकरघाट, नवापरा से गोधानपुर, मौलवी बांध से गौरव पथ, संगम चौक से बीही बाड़ी होते हुए रानी तालाब तक की सड़क शामिल है। वहीं शहर में जर्जर हो चुकी अधितम सड़कों को नगर निगम दवारा अधोसंरचना मद में शामिल किया गया है। नगर निगम क्षेत्र में प्रमुख सड़कों के साथ ही अंदरूनी सड़कों के मरम्मत हेतु कुल 36 सडकों का चयन किया गया है। इन सड़कों पर 11 करोड़ रूपए की लागत से डामरीकरण का कार्य किया जाना है। योजना के तहत कन्या परिसर से माखन विहार, जेल रोड, वीरेंद्र प्रभा रोड, चांदनी चोक से खैरबार सहित अंदरूनी सड़कें शामिल है।