समाचार · पंजाब
लुधियाना में BJP मंडल प्रधान पर हमला:वैष्णो देवी से लौट रहे परिवार की XUV को ई-रिक्शा ने मारी टक्कर;विरोध करने पर 15-20 लोगों ने पीटा
लुधियाना के सीएमसी (CMC) चौक पर जाम के दौरान एक मामूली सड़क हादसे ने बड़े हंगामे का रूप ले लिया। वैष्णो देवी से दर्शन कर लौट रहे भाजपा मंडल प्रधान हिमांशु कालरा और उनके परिवार पर कुछ स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। ई-रिक्शा की टक्कर के बाद हुए इस विवाद में कालरा, उनके ससुर और साले के साथ बुरी तरह मारपीट की गई। हमले में कालरा के कान पर गंभीर चोट आई है। घटना के बाद पुलिस थाना डिवीजन नंबर 3 में शिकायत दर्ज करवा दी गई है। जाम में ई-रिक्शा ने पीछे से मारी टक्कर जानकारी के मुताबिक मंगत कॉलोनी निवासी और भाजपा मंडल प्रधान हिमांशु कालरा अपने परिवार के साथ माता वैष्णो देवी के दर्शन कर वापस अपने घर लौट रहे थे। वे अपनी XUV 700 कार में सवार थे। जब उनकी गाड़ी सीएमसी चौक के पास पहुंची, तो वहां भारी ट्रैफिक जाम लगा हुआ था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ई-रिक्शा चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उनकी कार को टक्कर मार दी। कालरा के अनुसार उन्होंने ई-रिक्शा चालक को जाम होने के कारण बार-बार पीछे रहने और दूरी बनाए रखने की चेतावनी दी थी, लेकिन उसने अनसुना कर दिया। टक्कर लगने से कार की पिछली लाइट टूट गई और गाड़ी का काफी नुकसान हो गया। विरोध किया तो 10-15 लोगों ने किया हमला हादसे के बाद जब हिमांशु कालरा ने ई-रिक्शा चालक को रोककर नुकसान को लेकर बातचीत करनी चाही तो वहां हंगामा खड़ा हो गया। आरोप है कि मौके पर 10-15 स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और उन्होंने ई-रिक्शा चालक का पक्ष लेते हुए कालरा और उनके परिवार पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने हिमांशु कालरा के साथ-साथ बचाव में आए उनके ससुर और साले को भी बुरी तरह पीटा। मारपीट करने के बाद आरोपियों ने ई-रिक्शा चालक को वहां से भगा दिया और खुद भी मौके से फरार हो गए। कान पर पड़ा मुक्का, सुनने में आ रही दिक्कत हिमांशु कालरा ने बताया कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनके कान पर जोरदार वार किया। इस चोट के कारण उनके कान से लगातार एक अजीब सी आवाज (सू-सू की आवाज) आ रही है और उन्हें सुनने में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सिविल अस्पताल में मेडिकल,थाना 3 में दी शिकायत घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार लुधियाना के सिविल अस्पताल पहुंचा, जहां घायलों का मेडिकल करवाया गया। इसके बाद थाना डिवीजन नंबर 3 की पुलिस को पूरे मामले की लिखित शिकायत दे दी गई है। पुलिस अब मौके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है ताकि फरार आरोपियों और ई-रिक्शा चालक की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।