समाचार · मध्य प्रदेश
नर्मदापुरम में बंद मकान से ₹22 लाख की चोरी:मिल मालिक के घर से 5 तोला सोना, आधा किलो चांदी और कैश ले उड़े बदमाश; CCTV में 3 नकाबपोश दिखे
नर्मदापुरम के हरदा बायपास स्थित रेवासिटी कॉलोनी में राइस मिल मालिक के बंद मकान में 22 लाख रुपए का सामान चोरी हो गया। चोर 15 तोला सोना, आधा किलो चांदी और 1.50 लाख रुपए नकद ले गए। घटना 24 और 25 सितंबर की रात को हुई। घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में 3 नकाबपोश संदिग्ध भी दिखाई दिए हैं। अगले दिन दरवाजा टूटा मिलने पर चोरी का पता चला। राइस मिल मालिक राजकुमार गुप्ता ने देहात थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि रेवासिटी कॉलोनी में उनके मकान के सामने उनकी मां दर्शना देवी और भाई अजय कुमार अलग मकान में किराए से रहते हैं। मिल मालिक ने बताया कि उनकी मां और भाई करीब 15 दिन पहले परिवार के साथ पैतृक गांव भटिंडा, पंजाब गए थे। इसके बाद मकान बंद था। शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे राजकुमार ने मां के किराए वाले मकान का ताला टूटा देखा। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा हुआ था। अलमारी में रखी सोने की चेन, दो सोने के कड़े, दो अंगूठियां, चांदी के बर्तन और 1.50 लाख रुपए नकद गायब थे। CCTV में रात 2.30 बजे तीन नकाबपोश दिखे पुलिस के अनुसार, 24 और 25 सितंबर की दरमियानी रात घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में तीन नकाबपोश संदिग्ध दिखाई दिए। फुटेज में वे रात करीब 2:30 बजे आसपास घूमते नजर आ रहे हैं। डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट टीम ने जांच की सूचना मिलने के बाद देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम ने भी घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और चोरी के मामले की जांच शुरू कर दी है।