समाचार · मध्य प्रदेश
पेटलावद को मिला 7.95 करोड़ का नया तहसील भवन:मंत्री भूरिया ने किया शुभारंभ; स्व-सहायता समूहों और उद्यमियों को बांटे ऋण स्वीकृति पत्र
झाबुआ जिले के पेटलावद में 7 करोड़ 95 लाख 82 हजार रुपए से बने नवनिर्मित तहसील कार्यालय भवन का महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने नए भवन के कक्षों का निरीक्षण कर अभिलेखों के सुरक्षित संधारण और आधुनिकीकरण की सराहना की। स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद किया कार्यक्रम में मंत्री भूरिया ने स्थानीय उद्यमियों और स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद किया और पात्र हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार महिलाओं व युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सफल हितग्राहियों ने साझा किए अनुभव समारोह में स्व-सहायता समूहों की महिला हितग्राही फुला जगराम और लक्ष्मी प्रजापत ने पशुपालन व व्यवसाय से मिली आर्थिक मजबूती की जानकारी साझा की। वहीं, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत 5 लाख का लोन लेकर व्यवसाय शुरू करने वाले भारत अग्रवाल ने बताया कि वे वर्तमान में 5 महिलाओं को रोजगार दे रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारी व जनप्रतिनिधि रहे मौजूद आयोजन के दौरान कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट, जिला पंचायत सीईओ जितेंद्र सिंह चौहान, एसडीएम पेटलावद तनुश्री मीणा और अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।