समाचार · उत्तर प्रदेश
नाबालिग के हाथ में स्कूल बस की स्टेयरिंग? UP में पेड़ से टकराई बच्चों से भरी बस, 13 घायल

UP News: उत्तर प्रदेश के बरेली में शुक्रवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया. भोजीपुरा में एक निजी स्कूल की बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई. बस में 31 बच्चे सवार थे, जिनमें 13 बच्चे घायल हो गए. आरोप है कि हादसे के वक्त बस एक नाबालिग चला रहा था.
पेड़ से टकराई स्कूल बस, मची चीख-पुकार
बरेली के भोजीपुरा कस्बे में न्यू इंग्लैंड डिकोनस स्कूल की बस शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे जटऊ पट्टी गांव के पास लिंक मार्ग पर अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई. टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई. हादसे में बस सवार 31 बच्चों में से 13 बच्चे घायल हुए हैं. सभी घायल बच्चों को इलाज के लिए राममूर्ति मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है.
नाबालिग चालक के आरोप से उठे सवाल
हादसे के बाद बस चालक को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. आरोप है कि स्कूल बस एक नाबालिग चला रहा था. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसे की जानकारी मिलते ही बच्चों के अभिभावक भी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए.
अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन पर लगाया आरोप
परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है. एक अभिभावक का दावा है कि स्कूल बस की हालत ठीक नहीं थी और नाबालिग चालक को हटाने व बस बदलने को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की गई थी. आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने इन शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया.
कार्रवाई की मांग, घायल बच्चों के नाम
हादसे के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी है. परिजनों ने मामले की जांच कर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. घायल बच्चों में वसीम राजा (कक्षा 8), अक्सी नूर (कक्षा 4), अबुसर (नर्सरी), असलान (कक्षा 2), आकिब (कक्षा 2), मोहम्मद आसिफ, मोहम्मद असलम और आसिफ राजा के नाम सामने आए हैं.
Also Read: UP में जिस पनीर और खोवा को असली समझकर खरीद रहे थे, उसमें मिलाया जा रहा था कपड़े धोने वाला केमिकल