national
ओडिशा की ओर मुड़ा चक्रवात ‘अकवान’, 50 हजार लोगों को सुरक्षित निकाला गया; 8 जिलों में हाई अलर्ट

Cyclone Akvan Alert: बंगाल की खाड़ी में तेजी से ताकतवर हो रहा गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ अब ओडिशा के तट की ओर बढ़ रहा है. तूफान के संभावित खतरे को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़े पैमाने पर एहतियाती कदम उठाए हैं. मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के मुताबिक, अब तक करीब 50 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है. वहीं, राज्य के आठ जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है. प्रशासन को अगले दो दिनों में बेहद भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं.
गंजाम जिले से सबसे ज्यादा लोगों का होगा रेस्क्यू
न्यूज एजेंसी पीटीआई (PTI) की रिपोर्ट के मुताबिक, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य में चक्रवात से निपटने की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. उन्होंने बताया कि संभावित खतरे को देखते हुए करीब 50 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. सबसे ज्यादा लोगों को गंजाम जिले से निकाला जाएगा. यहां राहत और बचाव अभियान जारी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य चक्रवात के दौरान जान-माल का नुकसान शून्य रखना है. इसके लिए मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ी क्षेत्रों में भी बड़े स्तर पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है.
आठ जिलों में हाई अलर्ट, अगले दो दिन भारी
ओडिशा सरकार ने बुधवार को राज्य के आठ जिलों को हाई अलर्ट पर रखा. मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य और उससे सटे मध्य हिस्सों में बना गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ अगले दो दिनों में राज्य के कई इलाकों में बेहद भारी बारिश करा सकता है. तूफान के आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच तट से टकराने की आशंका जताई गई है. इसके संभावित रास्ते में बदलाव के कारण ओडिशा में तैयारियां तेज कर दी गई हैं.
छुट्टियां रद्द, प्रशासन अलर्ट पर
चक्रवात के खतरे को देखते हुए राज्य में आपात तैयारियां तेज कर दी गई हैं. अधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन का पूरा जोर संवेदनशील इलाकों से लोगों को समय रहते निकालने और संभावित नुकसान को कम करने पर है. सरकार ने साफ किया है कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है.
ये भी पढ़ें: लतीफ भट: बढ़ई से बना 15 लाख का इनामी आतंकी; जानिए कौन था कुलगाम CRPF हमले का मास्टरमाइंड