समाचार · झारखंड
कोवाली में स्कूली बच्चों से भरा टेंपो पलटा, ओवरलोडिंग ने चार मासूमों की जिंदगी खतरे में

जमशेदपुर: सोमवार की सुबह जमशेदपुर के कोवाली थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. हल्दीपोखर मुस्लिम बस्ती से छात्र-छात्राओं को लेकर विद्या भारती इंग्लिश स्कूल, हाता जा रहा एक टेंपो मुबारक बस्ती के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया. इस दर्दनाक हादसे में चार मासूम छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. बच्चों की रोने की आवाजें सुनकर स्थानीय ग्रामीण तुरंत मसीहा बनकर दौड़े. ग्रामीणों ने अपनी जान की परवाह किये बिना तत्परता दिखाई और पलटे हुए टेंपो के नीचे दबे बच्चों को बाहर निकाला. गनीमत रही कि समय रहते उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचा दिया गया, जहां सभी की हालत अब स्थिर बताई जा रही है.
इस घटना ने एक बार फिर हमारी व्यवस्था की लापरवाही को बेनकाब कर दिया है. शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि उस छोटे से टेंपो में क्षमता से अधिक बच्चों को ठूंस-ठूंसकर भरा गया था. चंद पैसों की लालच और अनदेखी ने इन नौनिहालों की जान को दांव पर लगा दिया था. क्या हमारे बच्चों की सुरक्षा का मोल सिर्फ ओवरलोडिंग तक सीमित रह गया है? इस हादसे ने अभिभावकों के दिलों को झकझोर कर रख दिया है और स्कूल वाहनों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.