Tuesday, 17 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · गुजरात

मिर्गी के 70 से 80 फीसदी मरीज उपचार से जी सकते हैं बेहतर जीवन

INT News16 November 2026 at 10:36 pm

अहमदाबाद. देश में करीब एक करोड़ और पूरी दुनिया में लगभग पांच करोड़ लोग मिर्गी की समस्या से प्रभावित हैं। यह आंकड़ा बताता है कि मिर्गी कितनी बड़ी स्वास्थ्य चुनौती है। इसके बावजूद समाज में इस बीमारी को लेकर आज भी कई तरह की गलत धारणाएं और अंधविश्वास प्रचलित हैं। मिर्गी के मरीजों को अक्सर सामाजिक भेदभाव का सामना करना पड़ता है, जबकि यह छुआछूत की बीमारी नहीं है। विशेषज्ञों के अनुसार, सही समय पर पहचान, नियमित दवाइयों और परिवार के सहयोग से 70 से 80 फीसदी मरीजों के दौरे नियंत्रित किए जा सकते हैं और वे सामान्य जीवन जी सकते हैं।अहमदाबाद सिविल अस्पताल के न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. शुचित पांडे के अनुसार अस्पताल के न्यूरो संबंधित मरीजों में से लगभग 20 फीसदी मरीज मिर्गी से पीड़ित होते हैं। उनका कहना है कि अधिकांश मामलों में दवाइयों से अच्छा नियंत्रण संभव है, जबकि करीब 10 से 20 फीसदी मामलों में जटिलताएं सामने आ सकती हैं। ऐसे मरीजों को विशेषज्ञ की देखरेख में अतिरिक्त उपचार की जरूरत पड़ सकती है। दौरे के लक्षणों को समझना जरूरी डॉ. पांडे के अनुसार मिर्गी मस्तिष्क में असामान्य विद्युत गतिविधि के कारण होने वाला तंत्रिका संबंधी विकार है। इसमें मरीज अचानक बेहोश हो सकता है, हाथ-पैरों में झटके आ सकते हैं, कुछ समय के लिए चेतना चली जाती है या वह आसपास की गतिविधियों के प्रति अनजान हो सकता है। कुछ मरीजों में एकटक देखने, असामान्य हरकत करने या बातचीत के दौरान प्रतिक्रिया बंद करने जैसे लक्षण भी दिखाई देते हैं। हालांकि, हर दौरा मिर्गी नहीं होता। सही पहचान के लिए विशेषज्ञ से जांच जरूरी है। यह होनी चाहिए परिजनों की भूमिका चिकित्सकों का कहना है कि मिर्गी के दौरान मरीज को सुरक्षित जगह पर लिटाकर आसपास की नुकीली और कठोर वस्तुएं हटा देनी चाहिए। सिर के नीचे मुलायम कपड़ा रखें और झटके बंद होने पर मरीज को करवट से लिटाएं। उसे जबरन पकड़कर झटके रोकने या मुंह में चम्मच, पानी अथवा कोई दूसरी वस्तु डालने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। दौरे का समय नोट करें। यदि दौरा पांच मिनट से अधिक चले, बार-बार दौरे पड़ें या सांस लेने में परेशानी हो तो तत्काल चिकित्सा सहायता लें। नियमित दवाइयों से संभव है सामान्य जीवन विशेषज्ञों ने बताया कि मिर्गी का उपचार मुख्य रूप से दवाइयों से किया जाता है। मरीज को नियमित दवाइयां लेनी चाहिए और डॉक्टर की सलाह के बिना उन्हें बंद नहीं करना चाहिए। जिन मरीजों में दवाइयों से पर्याप्त लाभ नहीं मिलता, उनके लिए विशेषज्ञ सर्जरी सहित अन्य उपचार विकल्पों पर विचार कर सकते हैं। भेदभाव नहीं, परिवार का भरोसा जरूरी विशेषज्ञों के मुताबिक मिर्गी छुआछूत से नहीं फैलती। इसके बावजूद विवाह, शिक्षा और रोजगार को लेकर गलत धारणाएं मरीजों का आत्मविश्वास कमजोर करती हैं। परिजनों को मरीज के साथ सामान्य व्यवहार करना चाहिए और उसे अकेला या अलग-थलग महसूस नहीं होने देना चाहिए। मिर्गी के मरीजों को दया या सहानुभूति के नाम पर अलगाव नहीं, बल्कि सम्मान, सही उपचार और परिवार व समाज के सहयोग की जरूरत है।