समाचार · मध्य प्रदेश
कटनी में NSUI का प्रदर्शन, पुलिस ने वॉटर कैनन चलाया:प्रदेश अध्यक्ष समेत कईं गिरफ्तार; 4 सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट घेरने निकले थे छात्र
कटनी जिले में बुधवार को नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के कार्यकर्ताओं ने चार सूत्रीय मांगों को लेकर पुरानी कचहरी चौराहे पर उग्र प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग कर वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस दौरान हुई झड़प के बाद पुलिस ने एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे और जिलाध्यक्ष अजय खटीक सहित कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। प्रत्यक्ष छात्रसंघ चुनाव और शासकीय मेडिकल कॉलेज की मांग एनएसयूआई कार्यकर्ता प्रदेश भर के शिक्षण संस्थानों में प्रत्यक्ष प्रणाली से छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग कर रहे हैं। बैरिकेड्स तोड़ने पर हुई झड़प, पुलिस पर लगाया तानाशाही का आरोप तय कार्यक्रम के तहत कलेक्ट्रेट घेराव के लिए निकले छात्रों ने जब पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को पार करने की कोशिश की, तो पुलिस ने वॉटर कैनन चलाकर उन्हें खदेड़ने का प्रयास किया। कार्रवाई से बौखलाए एनएसयूआई पदाधिकारियों ने प्रशासन पर तानाशाही रवैये और बलप्रयोग का आरोप लगाया। प्रदेश अध्यक्ष बोले- युवाओं की आवाज दबा रही सरकार गिफ्तारी के दौरान एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे ने कहा कि हम अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण मार्च कर रहे थे, लेकिन सरकार पुलिस के बल पर युवाओं के लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन कर रही है। वहीं जिलाध्यक्ष अजय खटीक ने कहा कि गिरफ्तारी और पुलिसिया कार्रवाई से युवाओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।