national
'24 घंटे हो गए मोदी जी, डरिए मत...', राहुल गांधी ने दी PM मोदी को खुली बहस की चुनौती

Rahul Gandhi On PM Modi: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर सार्वजनिक बहस की चुनौती दी है. मंगलवार (3 नवंबर) को जारी वीडियो में राहुल ने कहा कि उनकी चुनौती को 24 घंटे बीत चुके हैं. प्रधानमंत्री अपनी पसंद की जगह और मंच तय करें, वह बहस के लिए तैयार हैं. राहुल ने यहां तक कहा कि इस चर्चा में RSS प्रमुख मोहन भागवत को निर्णायक बनाया जा सकता है. उन्होंने विदेशी ताकतों से संबंधों के आरोप, अमेरिका के साथ समझौते, अदाणी और एपस्टीन मामले समेत कई मुद्दों पर सवाल उठाए.
24 घंटे हो गए मोदी जी. मैंने आपको चैलेंज दिया है. आप कहते हो कि विपक्ष देशद्रोही है. किसी भी स्टेज पर आप जगह चुनिए, डिबेट कीजिए मेरे साथ- लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी
राहुल ने सवाल उठाया कि देशद्रोही कौन है, विदेशी ताकतों से किसके संबंध हैं और वे किस तरह के हैं? उन्होंने प्रधानमंत्री से जल्द बहस के लिए सामने आने की अपील करते हुए कहा कि इन आरोपों पर सार्वजनिक रूप से स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए.
View on Instagram
बोले राहुल गांधी- मोहन भागवत को जज बना दीजिए, फिर करते हैं डिबेट
राहुल गांधी ने बहस के आयोजन का प्रस्ताव भी रखा. उन्होंने कहा कि इस चर्चा में मीडिया और देश के युवाओं की मौजूदगी होनी चाहिए. एक मेज पर प्रधानमंत्री और वह आमने-सामने बैठेंगे. निर्णायक चुनने का अधिकार भी प्रधानमंत्री को देने की बात कही.
जिसको आप जज बनाना चाहते हो, बना दो. मोहन भागवत जी को बिठा दो, चलो. और फिर डिबेट करते हैं- लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी
US डील, अदाणी और एपस्टीन मामले पर उठाए सवाल
राहुल गांधी ने उन विषयों का भी जिक्र किया, जिन पर वह प्रधानमंत्री मोदी से जवाब चाहते हैं. इनमें देश की वित्तीय प्रणाली, आर्थिक ढांचा और अमेरिका के साथ हुए समझौते से जुड़े मुद्दे शामिल हैं. उन्होंने पूछा कि अमेरिका के साथ समझौता कैसे और क्यों किया गया? इसे इतनी जल्दी करने की क्या वजह थी और मंत्रिमंडल को इसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई?
इसके अलावा उन्होंने उद्योगपति गौतम अदाणी से जुड़े मामले और जेफ्री एपस्टीन प्रकरण को भी चर्चा में शामिल करने की बात कही. ये सवाल राहुल गांधी की ओर से उठाए गए हैं. इन्हें संबंधित मामलों में अनियमितता या किसी व्यक्ति के दोषी होने के प्रमाण के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए.
मेरे खिलाफ 45 मानहानि केस, विदेशी कनेक्शन पर भी मुकदमा लगाइए- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने अपने खिलाफ दर्ज मानहानि के मामलों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री पर निशाना साधा. उन्होंने दावा किया कि उनके खिलाफ करीब 45 मानहानि के मुकदमे चल रहे हैं, लेकिन विदेशी ताकतों से संबंधों के आरोपों को लेकर कोई मानहानि का मामला नहीं किया गया है. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर भी मुकदमा किया जाना चाहिए, ताकि आरोपों पर खुलकर चर्चा हो सके. राहुल ने प्रधानमंत्री से कहा कि वह उनके सामने लगाए गए आरोपों का जवाब देने के लिए तैयार हैं.
गुलाब का फूल लेकर वीडियो में दिखे राहुल, पीएम मोदी को दी दिवाली की बधाई
मंगलवार को जारी वीडियो में कांग्रेस नेता हाथ में गुलाब का फूल पकड़े नजर आए. प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा- आ जाइए, डरिए मत. दूध का दूध, पानी का पानी कीजिए. वीडियो के आखिर में राहुल ने प्रधानमंत्री को दिवाली की शुभकामनाएं भी दीं. इससे एक दिन पहले सोमवार को उन्होंने विपक्ष पर विदेशी मदद से देश को अस्थिर करने संबंधी आरोपों का विरोध करते हुए पहली बार प्रधानमंत्री को सार्वजनिक चर्चा की चुनौती दी थी.
Also Read: VIDEO: नेहा बोरा को गौरव भाटिया का चैलेंज, कहा- हिम्मत है तो मदरसों में बच्चियों से दुराचार की बात कहकर दिखाएं