समाचार · बिहार
नितिन नवीन की विपक्ष को चेतावनी- आने वाले दिनों में कुर्सी भी नहीं बचेगी, संजय सरावगी ने राहुल गांधी को घेरा

Bihar Politics: बिहार में एनडीए की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने चुनावी नतीजों और वोट चोरी के आरोपों को लेकर विपक्ष के रुख पर सवाल उठाए. नितिन नवीन ने कहा कि विपक्ष के नेता चुनाव जीतते हैं तो लोकतंत्र की जीत बताते हैं. लेकिन हारने पर लोकतंत्र खतरे में होने का दावा करने लगते हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर विपक्ष ने समय रहते अपनी राजनीति नहीं बदली, तो आने वाले दिनों में उसकी कुर्सी भी नहीं बचेगी.
भागलपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि बिहार में चुनाव हारने के बाद विपक्ष वोट चोरी के नारे लगाने लगा. उन्होंने कर्नाटक का उदाहरण देते हुए कहा कि एसआईआर के बाद वहां विपक्ष की जीत हुई, तो सब कुछ सही बताया गया. लेकिन बिहार में हार के बाद चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाए जाने लगे. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाना भाजपा का पहला कर्तव्य है. इसी वजह से पार्टी सड़क पर उतरकर जनता के बीच जा रही है.
नितिन नवीन बोले- लोकतंत्र बचाना हमारा पहला कर्तव्य
नितिन नवीन ने कहा कि कुछ लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब देश के 22 राज्यों में भाजपा की सरकार है, तो पार्टी को सड़क पर उतरने की जरूरत क्यों है. उन्होंने कहा, "लोकतंत्र को बचाना हमारा पहला कर्तव्य है." उनके मुताबिक, लोकतांत्रिक व्यवस्था और संस्थाओं पर सवाल उठाने की राजनीति के खिलाफ जनता के बीच जाना जरूरी है.
विपक्ष को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव में जीत मिलने पर विपक्ष लोकतंत्र की जीत बताता है. वहीं, हार मिलने पर चुनावी प्रक्रिया पर सवाल खड़े करता है. उन्होंने कहा, "आप जीतते हैं तो लोकतंत्र जीता, लेकिन आप हार गए तो लोकतंत्र खतरे में है."
संजय सरावगी ने विपक्षी गठबंधन को बताया 'घमंडिया'
भागलपुर के लाजपत पार्क में जनसभा को संबोधित करते हुए बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी विपक्ष पर हमला बोला. उन्होंने विपक्षी दलों के गठबंधन को 'घमंडिया' गठबंधन बताया. एसआईआर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसकी शुरुआत बिहार की धरती से हुई थी.
सरावगी ने विपक्ष से सवाल किया कि कोई एक व्यक्ति सामने आकर बताए कि वह मतदाता है और इस बार उसका नाम मतदाता सूची से काट दिया गया है. उन्होंने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा और उनके बयानों को लेकर आपत्ति जताई.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
भागलपुर में पदयात्रा, बेगूसराय और मुजफ्फरपुर में भी रैली
एनडीए की इस पदयात्रा के तहत भागलपुर में जनसभा के बाद पैदल मार्च का कार्यक्रम रखा गया. कार्यकर्ताओं ने त्रिशूल देकर नितिन नवीन का स्वागत किया. इसके बाद भाजपा अध्यक्ष लाजपत पार्क से खरमनचक होते हुए भामाशाह चौक और घंटाघर चौक तक करीब एक किलोमीटर की पदयात्रा करेंगे.
इसके साथ ही बेगूसराय और मुजफ्फरपुर में भी एनडीए की रैली आयोजित की गई. बेगूसराय में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्ष पर देश में भ्रम फैलाने का आरोप लगाया.
SIR पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के अलग-अलग दावे
इस पदयात्रा का मुख्य मुद्दा एसआईआर और चुनावी प्रक्रिया को लेकर चल रही राजनीतिक बहस है. भाजपा इसे लोकतांत्रिक संस्थाओं के समर्थन और विपक्ष के आरोपों के जवाब के तौर पर पेश कर रही है. वहीं, विपक्ष मतदाता सूची के पुनरीक्षण और चुनावी प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्तियां उठा रहा है.
ऐसे में एनडीए की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के जरिए भाजपा और उसके सहयोगी दल विपक्ष के आरोपों का जवाब देने के साथ अपना राजनीतिक पक्ष जनता तक पहुंचा रहे हैं.
Also Read: राहुल राज की BJP में वापसी पर भड़के उमेश कुशवाहा, पूछा- 6 साल के निष्कासन के बाद इतनी जल्दी क्यों दी एंट्री?