Thursday, 27 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

entertainment

‘नाम बदलो या धर्म...’, सावन में महादेव की भक्ति अफसाना खान को पड़ा भारी, ट्रोलर्स ने आस्था से लेकर परवरिश पर दागे सवाल

INT News27 August 2026 at 04:49 pm

सावन का महीना है.. सोशल मीडिया पर महादेव की भक्ति से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो लगातार सामने आ रहे हैं. लेकिन पंजाबी सिंगर अफसाना खान ने जब पति साजन शर्मा के साथ शिवलिंग का रुद्राभिषेक करते हुए तस्वीरें शेयर कीं, तो मामला भक्ति से ज्यादा सोशल मीडिया की बहस बन गया.

अफसाना ने अपनी तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, “मेरी ताकत मेरा महादेव है.” तस्वीरों में वह पति के साथ शिवलिंग की पूजा करती नजर आईं. पोस्ट सामने आते ही कई लोगों ने उनकी तारीफ की. लेकिन कुछ यूजर्स को उनका महादेव की पूजा करना पसंद नहीं आया. देखते ही देखते कमेंट सेक्शन में ट्रोलिंग शुरू हो गई.

पूजा की तस्वीर से शुरू हुई धर्म की बहस

अफसाना मुस्लिम परिवार से आती हैं. उनके पति साजन शर्मा हिंदू परिवार से हैं. दोनों ने 2022 में शादी की थी. अफसाना इससे पहले भी हिंदू धर्म और महादेव के प्रति अपनी आस्था जाहिर कर चुकी हैं. जुलाई 2026 में वह पति के साथ उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर भी पहुंची थीं और वहां पूजा-अर्चना की थी.

लेकिन इस बार मामला सिर्फ ट्रोलिंग तक नहीं रुका. कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने अफसाना से उनकी धार्मिक पहचान को लेकर सवाल किए. एक यूजर ने लिखा कि जो अपने धर्म की नहीं हुई, वह किसी और की क्या होगी. एक दूसरे यूजर ने उन्हें लानत भेजने जैसी टिप्पणी की.

सबसे ज्यादा आपत्तिजनक टिप्पणियां तब सामने आईं जब ट्रोलर्स ने उनकी परवरिश और परिवार को निशाना बनाना शुरू कर दिया. एक यूजर ने तो उनकी मां को लेकर भी बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की और अफसाना को अपना नाम या धर्म बदलने तक की बात कह दी.

View on Instagram

सवाल यह है कि आस्था का फैसला कौन करेगा?

अफसाना की पोस्ट ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर धार्मिक पहचान को लेकर होने वाली ट्रोलिंग की उस आदत को सामने ला दिया है, जहां किसी की एक तस्वीर देखकर लोग उसकी आस्था का फैसला सुनाने लगते हैं.

अफसाना के मामले में भी यही हुआ. उन्होंने अपनी आस्था की एक तस्वीर साझा की. जवाब में उनकी पूजा से लेकर परवरिश और परिवार तक पर सवाल खड़े कर दिए गए.

‘तितलियां’ से ‘धुरंधर’ तक चर्चा में रहीं अफसाना

अफसाना खान पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं. ‘तितलियां’ गाने से उन्हें देशभर में पहचान मिली. इसके बाद वह सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 15’ में नजर आईं. हाल ही में फिल्म ‘धुरंधर’ के गाने ‘नाल नचणा’ को लेकर भी वह सुर्खियों में रहीं.

फिलहाल महादेव की भक्ति वाली उनकी तस्वीरें चर्चा में हैं. फर्क सिर्फ इतना है कि इस बार चर्चा उनके गाने या काम की नहीं, बल्कि उनकी आस्था की हो रही है.

ये भी पढ़ें- समय-समय की बात है! कभी Cyber Cell के रडार पर थे Samay Raina, अब CM Fadnavis ने किया सम्मान, फैंस बोले- ‘Comeback हो तो ऐसा’