समाचार · मध्य प्रदेश
परिवार उज्जैन गया था, घर में 6 लाख की चोरी:सिंगरौली में पुलिस ने दो नाबालिग पकड़े, सोने-चांदी के जेवर मिले
सिंगरौली जिले के नवानगर में पुलिस ने एक सूने मकान में हुई लाखों की चोरी का महज 4 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है, जिनकी निशानदेही पर 6 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात मिले हैं। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को माजन कला निवासी बृज कुमार कुशवाहा अपने परिवार के साथ उज्जैन दर्शन के लिए गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके सूने मकान का ताला तोड़कर धावा बोल दिया। जब परिवार शनिवार सुबह 6 बजे वापस लौटा तो घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला और अंदर अलमारी के लॉकर टूटे पड़े थे। पीड़ित की शिकायत पर नवानगर थाना पुलिस ने तुरंत चोरी का केस दर्ज किया। CCTV फुटेज से पकड़े गए नाबालिग, 6 लाख के जेवर बरामद थाना प्रभारी राकेश साहू के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मामले की छानबीन शुरू की। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगालने और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने 4 घंटे के भीतर दो संदेहियों को पकड़ लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर उनकी निशानदेही से चोरी किए गए पायल, छागल, करधनी, बिछिया, मंगलसूत्र, सुई-धागा, झुमकी और सोने की नथ मिली। पुलिस के अनुसार, इस चोरी में शामिल एक अन्य नाबालिग साथी की तलाश अभी जारी है।