समाचार · हरियाणा
अरावली के जंगल में बनाई जा रही थी अवैध शराब:सीएम फ्लाइंग टीम ने की छापेमारी, 2 को किया गिरफ्तार, 150 लीटर लाहन बरामद
फरीदाबाद के सूरजकुंड थाना क्षेत्र में अनंगपुर पहाड़ और खड़िया खान के जंगल में अवैध कच्ची शराब तैयार किए जाने का मामला सामने आया है। मुख्यमंत्री उड़न दस्ता की टीम ने छापेमारी कर मौके से दो आरोपियों को पकड़ा है। कार्रवाई के दौरान जंगल में शराब बनाने की भट्ठी चालू हालत में मिली। सूचना मिलने के बाद टीम ने की छापेमारी मुख्यमंत्री उड़न टीम के अधिकारी सतबीर ने बताया कि टीम को अनंगपुर क्षेत्र के जंगल में अवैध शराब बनाने की सूचना मिली थी। टीम ने इसकी जानकारी सूरजकुंड थाना पुलिस को दी और पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। टीम को जंगल के अंदर शराब बनाने की भट्ठी चलती मिली। दो आरोपियों को मौके से किया गिरफ्तार कार्रवाई के दौरान टीम ने दो लोगों को काबू किया। आरोपियों की पहचान अनंगपुर निवासी बलजीत और अनंगपुर के पछोला मोहल्ला निवासी रवि उर्फ रविन्द्र के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। तैयार शराब और 150 लीटर लाहन बरामद मौके की तलाशी के दौरान करीब तीन से चार लीटर तैयार कच्ची शराब बरामद हुई। इसके अलावा करीब 150 लीटर लाहन भी मिला, जिसका इस्तेमाल कच्ची शराब तैयार करने में किया जा रहा था। टीम ने बरामद शराब और लाहन के नमूने नियमानुसार लेकर सील कर दिए। भट्ठी और शराब बनाने का सामान मिला छापेमारी के दौरान शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली भट्ठी, ड्रम, मिट्टी का डकोला, धातु का देगचा और अन्य उपकरण भी बरामद किए गए। मौके से एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल भी मिली, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। आसपास के इलाकों में सप्लाई का आरोप प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जंगल में तैयार की जाने वाली कच्ची शराब आसपास के गांवों और इलाकों में सप्लाई की जाती थी। बताया गया है कि कुछ लोग जंगल में पहुंचकर सीधे भी शराब खरीदते थे। अवैध तरीके से तैयार होने वाली ऐसी शराब स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकती है। स्थानीय पुलिस की निगरानी पर उठे सवाल मामले में स्थानीय पुलिस की निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। सूरजकुंड थाना क्षेत्र के जंगल में कथित तौर पर लंबे समय से शराब की भट्ठी चलने और सप्लाई किए जाने की जानकारी मुख्यमंत्री उड़न दस्ते तक पहुंची। अब पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि अवैध कारोबार कब से चल रहा था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कार्रवाई के बाद सूरजकुंड थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ हरियाणा आबकारी अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस बरामद सामान और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है।