Tuesday, 7 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

सिंगरौली में बिजली तार पर विवाद, 6 घायल:वीडियो सामने आने पर पुलिस ने दोनों पक्षों पर मामला दर्ज किया

INT News7 July 2026 at 02:49 pm

सिंगरौली जिले के मोरवा थाना क्षेत्र के जयसवाल मोड़ पर बिजली के तार खींचने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। यह विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें दोनों ओर से करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो सामने आने पर पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की। यह घटना लगभग नौ दिन पुरानी बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, बिजली के तार खींचने को लेकर शुरू हुआ विवाद जल्द ही मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला किया। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति शांत हुई थी। पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज किया है। एक पक्ष से बिकेश नाई और बृजलाल नाई को आरोपी बनाया गया है। वहीं, दूसरे पक्ष से राधेश्याम केशरी, विकास केशरी और निकेश केशरी के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। स्वत: संज्ञान लेकर की कार्रवाई मोरवा थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि घटना के समय किसी भी पक्ष ने थाने में तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी। हालांकि, सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लिया। इसके उपरांत दोनों पक्षों की पहचान कर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, क्षेत्र में स्थिति सामान्य बनी हुई है और पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।