Saturday, 1 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

जंगल से लौट रहे किसान पर लोनर हाथी का हमला:कोरबा के बड़मार में हुई घटना,सूंड से पटककर पैरों तले कुचला, मौके पर मौत

INT News1 August 2026 at 01:53 pm

कोरबा वनमंडल के करतला वन परिक्षेत्र अंतर्गत बड़मार गांव में शनिवार सुबह (1अगस्त) लोनर हाथी के हमले में एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान जगेश्वर राठिया (53) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत देते हुए हाथी की निगरानी तेज कर दी है। जानकारी के अनुसार, बड़मार गांव निवासी जगेश्वर राठिया शनिवार सुबह रोज की तरह खेत में काम करने गए थे। काम खत्म कर जब वह गांव लौट रहे थे, तभी गांव से करीब दो किलोमीटर दूर जंगल में उनकी मुठभेड़ एक लोनर हाथी से हो गई। सूंड से पटककर पैरों तले कुचला प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक हाथी ने जगेश्वर को सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया और फिर पैरों से कुचल दिया। हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने दी सूचना, वन अमला पहुंचा खेत में काम कर रहे अन्य ग्रामीणों ने शव देखकर तत्काल परिजनों और वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। तीन दिन से गांव के आसपास घूम रहा है हाथी करतला रेंजर अक्ष ऋषि ने बताया कि पिछले तीन दिनों से एक लोनर हाथी बड़मार जंगल और आसपास के गांवों में विचरण कर रहा है। इसे देखते हुए पहले भी मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया गया था। घटना के बाद एक बार फिर आसपास के गांवों में मुनादी कर लोगों से जंगल और खेतों की ओर अकेले नहीं जाने तथा शाम होने से पहले घर लौटने की अपील की गई है। वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी, मिलेगी आर्थिक सहायता घटना के बाद वन विभाग की टीम ने जंगल और खेतों के आसपास निगरानी बढ़ा दी है। हाथी को वापस जंगल की ओर खदेड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। विभाग ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और नियमानुसार तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।