Thursday, 19 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

रेवाड़ी-सीकर ट्रेन 3 दिन जयपुर तक जाएगी:आज से होगी शुरू, महेंद्रगढ़, कनीना, सतनाली और लोहारू के यात्रियों को मिलेगा फायदा

INT News19 November 2026 at 06:03 am

देवउठनी एकादशी पर बढ़ने वाले अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए रेवाड़ी-सीकर-रेवाड़ी रेलसेवा का ढेहर का बालाजी (जयपुर) तक अस्थायी विस्तार किया है। इस विस्तार से रेवाड़ी के साथ महेंद्रगढ़, कनीना, सतनाली और लोहारू क्षेत्र के यात्रियों को भी जयपुर जाने के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 54804 रेवाड़ी-सीकर-ढेहर का बालाजी रेलसेवा 19 नवंबर से 21 नवंबर तक तीन ट्रिप चलेगी। यह ट्रेन रेवाड़ी से दोपहर 3:10 बजे रवाना होगी और रात 11:05 बजे ढेहर का बालाजी पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 54805 ढेहर का बालाजी-सीकर-रेवाड़ी रेलसेवा 20 नवंबर से 22 नवंबर तक तीन ट्रिप करेगी। यह ट्रेन ढेहर का बालाजी से सुबह 4:35 बजे रवाना होकर दोपहर 12:30 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी। सीकर तक समय में बदलाव नहीं रेलवे के अनुसार रेवाड़ी से सीकर के बीच ट्रेन के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सीकर के बाद इस सेवा को ढेहर का बालाजी तक विस्तारित किया गया है। विस्तारित यात्रा में ट्रेन सीकर से रात 9 बजे रवाना होकर पिलसाना रात 9:49 बजे, रींगस रात 10:28 बजे और चौमूं सामोद रात 11:01 बजे पहुंचेगी। इसके बाद रात 11:05 बजे ढेहर का बालाजी पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 54805 ढेहर का बालाजी से सुबह 4:35 बजे रवाना होगी। यह चौमूं सामोद, रींगस, पिलसाना और सीकर होते हुए रेवाड़ी के लिए रवाना होगी। सीकर और रेवाड़ी के बीच निर्धारित समय-सारणी में कोई बदलाव नहीं किया गया है। शादी और धार्मिक यात्राओं के सीजन में राहत देवउठनी एकादशी के साथ ही विवाह और धार्मिक आयोजनों का सीजन शुरू हो जाता है। ऐसे में जयपुर और आसपास के क्षेत्रों में जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ती है। रेलवे के इस अस्थायी विस्तार से यात्रियों को अतिरिक्त रेल विकल्प मिलेगा। खासकर रेवाड़ी, नारनौल-महेंद्रगढ़, कनीना, सतनाली और लोहारू क्षेत्र के यात्री इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। रेलवे की ओर से यह विस्तारित सेवा तीन ट्रिप के लिए ही संचालित की जाएगी। यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन के समय और संचालन की स्थिति की पुष्टि करने की सलाह दी गई है।