national
Rain Warning: अगले 72 घंटे भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक के साथ पड़ेंगे छीटें, IMD का अलर्ट

Rain Warning: देश के कई हिस्सों में अगले 72 घंटे तक झमाझम बारिश हो सकती है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 29 जून से 1 जुलाई के बीच उत्तर भारत, मध्य भारत, पूर्वी भारत, पश्चिमी भारत और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. इसके साथ ही आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के मुताबिक 29 जून को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई स्थानों पर बारिश की संभावना है. वहीं 30 जून और 1 जुलाई को बारिश की तीव्रता में इजाफा हो सकता है.
हिमाचल प्रदेश में 1 जुलाई को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना है.
उत्तराखंड में 30 जून और 1 जुलाई के दौरान कहीं-कहीं बहुत भारी वर्षा हो सकती है.
जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में 30 जून और 1 जुलाई को गरज-चमक के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं.
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, यूपी और राजस्थान में बारिश
29 जून से 1 जुलाई के दौरान दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में मानसून की बारिश होने की संभावना है. इस दौरान कुछ इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. तेज हवा के झोंके 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है.
मध्य भारत में बारिश और तेज हवाओं का दौर
29 जून से 1 जुलाई के दौरान पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ तथा छत्तीसगढ़ में व्यापक बारिश होने के आसार हैं.
पश्चिमी मध्य प्रदेश में 29 और 30 जून को भारी बारिश हो सकती है.
पूर्वी मध्य प्रदेश में 29 जून को भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है.
छत्तीसगढ़ और विदर्भ में अगले 72 घंटे तक कई स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
छत्तीसगढ़ में 1 जुलाई तक आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी संभावना है.
बिहार-झारखंड समेत पूर्वी भारत में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में अगले 72 घंटे के दौरान अच्छी बारिश होने की संभावना है. कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है. इसके अलावा गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है.
पूर्वोत्तर राज्यों में लगातार बारिश
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले तीन दिनों तक लगातार बारिश जारी रहने की संभावना है. इस दौरान कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है. खासकर असम और मेघालय में अत्यधिक भारी बारिश का खतरा बना हुआ है.
पश्चिम भारत में भी मानसून रहेगा सक्रिय
कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ में अगले 72 घंटे तक बारिश का दौर जारी रहेगा. कोंकण और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और आंधी-तूफान आने की संभावना है.
दक्षिण भारत में भी बारिश का सिलसिला जारी
केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, पुडुचेरी, कराईकल और लक्षद्वीप में अगले 72 घंटे तक बारिश जारी रहने का अनुमान है. केरल में 29 जून को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है. तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में गरज-चमक, बिजली गिरने तथा 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
Also Read: मौसम अलर्ट: अगले 5 दिन इन राज्यों में होगी मूसलाधार बारिश, IMD ने जारी की चेतावनी
आरा में पहली बारिश से बदला मौसम का मिजाज, अगले 7 दिनों के लिए अलर्ट जारी, जानिए अपने इलाके का हाल