समाचार · मध्य प्रदेश
सागर में ढाबे से 15 लीटर कच्ची शराब जब्त:मुखबिर से सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार
सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने सागर ढाबा पर दबिश देकर 16 अगस्त की रात 15 लीटर अमानक कच्ची शराब जब्त की। पुलिस ने मौके से 20 वर्षीय अमन तिवारी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई गल्ला मंडी चौराहे के आगे खुरई रोड स्थित ढाबे पर की गई। पुलिस के अनुसार, रात में मुखबिर से सूचना मिली थी कि ढाबे पर अमानक कच्ची शराब बेची जा रही है। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ढाबे के कमरे की तलाशी ली। तलाशी के दौरान सफेद रंग के कुप्पे में तरल पदार्थ मिला। पुलिस के अनुसार, पदार्थ मटमैला और दुर्गंधयुक्त था। प्रथम दृष्टया यह मानव जीवन के लिए विषैला हो सकने वाला पाया गया। आबकारी एक्ट में केस दर्ज पुलिस ने करीब 15 लीटर कच्ची शराब जब्त की। मौके पर मिले अमन पिता नरेश तिवारी (20), निवासी राजीव नगर वार्ड, को गिरफ्तार किया गया। मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। शराब के स्रोत और अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ की जा रही है।