समाचार · मध्य प्रदेश
सोशल मीडिया फोटो को लेकर चाकूबाजी, युवक की मौत:देवास में समझाने पहुंचे दो दोस्तों पर तीन युवकों ने किया हमला, दूसरा गंभीर; आरोपी हिरासत में
देवास के उदयनगर थाना क्षेत्र के पोलाखाल के अंजनपुरा गांव में शनिवार देर रात एक विवाद में चाकूबाजी हुई। सोशल मीडिया पर लड़की का फोटो डालने को लेकर हुए इस विवाद में तीन युवकों ने दो दोस्तों पर हमला कर दिया। इस हमले में 18 साल के अजय चौहान की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त कान्हा गंभीर रूप से घायल हो गया। कान्हा पिपरी का रहने वाला है और उसका इंदौर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, तीन आरोपियों ने एक लड़की का फोटो सोशल मीडिया पर डाल दिया था। इसी बात को लेकर अजय, कान्हा और उनके परिवार के लोग आरोपियों को समझाने पहुंचे थे। इसी दौरान सरकारी स्कूल के पास विवाद बढ़ गया। विवाद बढ़ने पर चाकू से हमला किया
विवाद बढ़ने पर तीनों आरोपियों ने अजय और कान्हा पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उदयनगर थाना प्रभारी विजेंद्र सोलंकी ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। सभी आरोपी पोलाखाल के ही रहने वाले हैं। पुलिस घटना के कारणों और सभी पहलुओं की जांच कर रही है।