समाचार · छत्तीसगढ़
कोरबा में रेत कारोबार को लेकर दो गुट भिड़े:ईंट-पत्थर और बेल्ट से हमला, घटना CCTV में कैद; दोनों पक्ष के 10 आरोपी गिरफ्तार
कोरबा में अवैध रेत कारोबार को लेकर दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना 2 और 3 नवंबर की दरम्यानी रात बुधवारी दशहरा मैदान के पास हुई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर, डंडे और बेल्ट से हमला किया। मारपीट की पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, रेत से भरे ट्रैक्टर को रोकने और रेत खाली कराने की बात पर विवाद शुरू हुआ था। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इसमें कई लोग घायल हुए। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पुलिस सहायता केंद्र सीएसईबी का है। पहले पक्ष ने लगाया हमला करने का आरोप ढोढीपारा निवासी राजेन दास ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके ट्रैक्टर ड्राइवर को यशवंत कश्यप उर्फ लक्की, संतोष चंद्रा और विक्रम कश्यप ने साथियों के साथ रोक लिया। उन्होंने रेत खाली करने को कहा और गाली-गलौज की। चालक की सूचना पर राजेन दास अपने साथियों के साथ बुधवारी मैदान पहुंचा। आरोप है कि वहां दूसरे पक्ष के लोगों ने ईंट-पत्थर, डंडे, चूड़ा और पंच से हमला किया। दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराई रिपोर्ट वहीं, दूसरे पक्ष के काशीनगर निवासी विक्रम कश्यप ने भी रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने आरोप लगाया कि रेत खाली कराने की बात पर दीपक सिंह, सोहेब अहमद, गौरीलाल चौहान, पुरनदास महंत, आदित्य सिंघानिया, राजेन उर्फ राजेन्द्र दास और यश पाटले ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बेल्ट और ईंट से हमला किया। दोनों पक्षों के 10 आरोपी गिरफ्तार सूचना मिलने पर सीएसईबी चौकी और सिविल लाइन रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ हत्या के प्रयास और बलवा समेत BNS की धाराओं 109(1), 296, 115(2), 351(3), 126(2), 3(5) और 191(2) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से घटना में इस्तेमाल ईंट के टुकड़े और चमड़े के बेल्ट जब्त किए गए। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।