समाचार · मध्य प्रदेश
महिला से पार्ट टाइम जॉब के नाम पर ठगी:इंस्टाग्राम से शुरू हुआ खेल, टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा; रेटिंग और निवेश के नाम पर जमा कराए ₹10 लाख
इंदौर के एरोड्रम इलाके में रहने वाली महिला से पार्ट टाइम जॉब के नाम पर 10 लाख 8 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। महिला ने इंस्टाग्राम पर जॉब का विज्ञापन देखा था। इसके बाद उसे टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर होटल-रेस्टोरेंट की रेटिंग देने के बदले कमीशन का झांसा दिया गया। शुरुआत में कमीशन के रूप में रकम लौटाकर भरोसा जीता गया, फिर अलग-अलग खातों में निवेश के नाम पर रकम जमा कराई गई। इंस्टाग्राम विज्ञापन से टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा एरोड्रम पुलिस के मुताबिक, इति जैन की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ ऑनलाइन ठगी का केस दर्ज किया गया है। इति ने बताया कि जुलाई में वह इंस्टाग्राम चला रही थीं और पार्ट टाइम जॉब की तलाश में थीं। इसी दौरान उन्होंने एक विज्ञापन देखा। उसमें दिए नंबर पर कॉल करने के बाद उन्हें वॉट्सऐप पर मैसेज आया। इसके बाद टेलीग्राम पर ऑनलाइन जॉब और कमीशन मिलने की बात बताई गई। इति को एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया। इसमें 'एनएससी रिसपेस्ट' के नाम से एक विज्ञापन आया। होटल-रेस्टोरेंट की लिंक भेजकर उस पर रेटिंग देने की बात कही गई। इस दौरान इति से नाम, पता और अकाउंट की जानकारी भी ले ली गई। दो रेटिंग के बाद कमीशन देकर भरोसा जीता शुरुआत में दो रेटिंग देने के बाद 1 हजार रुपए पर 30 प्रतिशत कमीशन देने की बात कही गई। यह भी बताया गया कि जितनी ज्यादा रकम जमा की जाएगी, उतना ही ज्यादा मुनाफा मिलेगा। इसके बाद रिकूमनी दशोरे नाम की युवती के अकाउंट में रकम जमा कराई गई। फिर इति को दूसरे पेज पर जोड़कर उसे प्रोफेशनल पेज बताया गया और अकाउंट में 2 हजार रुपए और जमा करवाए गए। इसके बाद 3900 रुपए मुनाफे के तौर पर वापस दिए गए। एक रेटिंग करने पर 900 रुपए कमीशन भी दिया गया। इससे इति को भरोसा हो गया और उन्होंने आगे भी रकम जमा करना शुरू कर दिया। 25 हजार, 15 हजार और 75 हजार रुपए के ट्रांजेक्शन किए इति के मुताबिक, इंस्टाग्राम पर बात करने वाले व्यक्ति ने बताया कि कंपनी की ओर से दिए गए एक अकाउंट में सीधे मुनाफा दिखाई देगा। यह रकम कुछ समय बाद निकाली जा सकेगी। इसके बाद इति ने 25 हजार, 15 हजार और 75 हजार रुपए जैसे बड़े ट्रांजेक्शन किए। सभी भुगतान करने के बाद उन्हें 'एनएससी कंट्रोल डिपार्टमेंट' के इंस्टाग्राम पेज पर बात करने के लिए कहा गया। वहां बताया गया कि उनका एनएससी अकाउंट बंद हो गया है। साथ ही कहा गया कि अभी किए गए निवेश की रकम 30 प्रतिशत कमीशन के साथ वापस कर दी जाएगी। अलग-अलग नंबरों पर बात कर 10.8 लाख रुपए जमा कराए इसके बाद इति से अलग-अलग नंबरों पर बात कर रकम जमा कराई गई। इस तरह उन्होंने कुल 10 लाख 8 हजार रुपए अलग-अलग खातों में जमा कर दिए। बाद में उन्हें पता चला कि निवेश के नाम पर उनके साथ ऑनलाइन ठगी हुई है। इति की शिकायत पर एरोड्रम पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।