समाचार · मध्य प्रदेश
नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0 की शुरुआत:SP ने कहा- सभी को नशामुक्ति का दूत बनना है; समाज में तभी सुधार आ सकता है
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान की शुरुआत बुधवार को गुना में हुई। पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने नशामुक्ति की शपथ ली, जिसके बाद शहर में जनजागरूकता रैली निकाली गई। अभियान का उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में प्रेरित करना है। एसपी ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस लाइन में हुई, जहां पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को नशे से दूर रहने तथा समाज को जागरूक करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशे से दूरी केवल व्यक्ति के लिए ही नहीं, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज के लिए आवश्यक है। सबसे पहले पुलिसकर्मियों को स्वयं इस संकल्प का पालन करना होगा, तभी वे समाज में प्रभावी संदेश दे सकेंगे। ASP ने बताई अभियान की रूपरेखा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन ने अभियान की रूपरेखा बताते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति नशा करता दिखाई दे, तो उसे समझाने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि एक अनुशासित पुलिसकर्मी द्वारा दिया गया संदेश समाज पर सकारात्मक प्रभाव छोड़ता है। इसलिए हर पुलिसकर्मी को जागरूकता अभियान का सक्रिय हिस्सा बनना चाहिए। पुलिस लाइन से जयस्तंभ चौराहे तक निकली रैली शपथ ग्रहण के बाद पुलिस लाइन से जयस्तंभ चौराहे तक जागरूकता बाइक एवं पैदल रैली निकाली गई। रैली के दौरान पुलिसकर्मियों ने लोगों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी और समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया। 'हर पुलिसकर्मी बने नशामुक्ति का दूत' एसपी हितिका वासल ने कहा कि गुना जिले में नशे की समस्या गंभीर है और इसका समाधान जनभागीदारी से ही संभव है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे 'नशामुक्ति के दूत' बनकर गांव-गांव और शहर के हर क्षेत्र में लोगों को जागरूक करें। उन्होंने कहा कि आज लिया गया संकल्प पूरे समाज तक पहुंचना चाहिए, तभी अभियान अपने उद्देश्य में सफल होगा।