समाचार · मध्य प्रदेश
NH-39 पर सामान से लदा ट्रक पलटा:ओवरटेक के दौरान अनियंत्रित हुआ, चालक के नशे में होने की आशंका।
नेशनल हाईवे-39 पर मनोर स्थित पेट्रोल पंप के पास एक सड़क हादसा हो गया। पन्ना-छतरपुर मार्ग पर तेज रफ्तार में ओवरटेक करने के प्रयास में एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गया। इस घटना से मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि आसपास मौजूद राहगीर और अन्य वाहन चालक सुरक्षित बच गए। ट्रक पलटते ही उसमें भरा सामान सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गया, जिससे हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। स्थानीय निवासियों बाल कृष्ण यादव और रतिराम के अनुसार, ट्रक चालक कथित तौर पर अत्यधिक शराब के नशे में था, जिसके कारण वह वाहन पर संतुलन नहीं रख सका। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने सड़क पर फैले सामान को हटवाया और क्रेन की मदद से पलटे हुए ट्रक को किनारे करवाया। इसके बाद बाधित यातायात को सुचारू रूप से बहाल किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चालक के नशे में होने की पुष्टि मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी।