समाचार · मध्य प्रदेश
कलेक्टर ने जमीन पर बैठकर बच्चों को पढ़ाया:टीचर से कहा- छात्रों को नियमित शिक्षा दें; बाल वाटिका में साफ-सफाई, सुरक्षा देखी
देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने शुक्रवार को सोनकच्छ के प्राथमिक स्कूल कोठड़ा का दौरा किया। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत वे बच्चों के बीच जमीन पर बैठकर उनसे संवाद किया और उन्हें पढ़ाया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद भी उनके साथ मौजूद रहे। कलेक्टर सिंह ने विद्यार्थियों को सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल पूछे और पढ़ाई को लेकर उनसे आत्मीय संवाद किया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक उनके सवालों के जवाब दिए। उन्होंने कक्षाओं में शिक्षण व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति और स्कूल की शैक्षणिक गतिविधियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने और बच्चों की नियमित पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके बाद, कलेक्टर ने बाल वाटिका का निरीक्षण कर वहां की स्वच्छता, सुरक्षा और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। स्कूल के दौरे के बाद, कलेक्टर ऋतुराज सिंह और पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने सोनकच्छ में निर्माणाधीन एसडीएम कार्यालय, शासकीय आईटीआई भवन और उप जेल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा की और उन्हें समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उप जेल में सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरे के दौरान दोनों अधिकारियों ने जेल परिसर में पौधरोपण भी किया।