Friday, 14 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

करनाल पुलिस ने अरेस्ट किए चार लुटेरे:पिस्टल दिखाकर लूटे 30 लाख रुपए, विरोध करने पर डंडे से पीटा, सीसीटीवी से हुई पहचान

INT News14 August 2026 at 12:52 pm

करनाल में बसताड़ा के पास जीटी रोड पर बुधवार रात करीब 9:30 बजे हुई 30 लाख रुपए की लूट मामले को मधुबन पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझा लिया। पुलिस ने वारदात में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को देर रात करनाल के ट्रॉमा सेंटर में मेडिकल के लिए लाया गया। शुक्रवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा और रिमांड लेकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस लूटी गई रकम, वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो और पिस्टल बरामद करने का प्रयास करेगी। रजिस्ट्री के भुगतान के लिए ले जा रहे थे 30 लाख गांव माजरा रोडान निवासी नरेंद्र पुत्र पालाराम अपने तीन साथियों के साथ फ्रोंक्स कार में दिल्ली से करनाल की तरफ आ रहे थे। उनके पास 30 लाख रुपए थे। यह रकम रजिस्ट्री के भुगतान के लिए थी। बसताड़ा के पास उन्हें एक व्यक्ति को पेमेंट करनी थी, लेकिन उसके आने का इंतजार करते हुए वे पुल के नीचे रुक गए। इसी दौरान बिना नंबर की काले रंग की स्कॉर्पियो उनकी कार के आगे आकर रुकी। इसमें सवार चार-पांच युवक नीचे उतरे और सीधे उनकी कार की डिग्गी के पास पहुंच गए। आरोपियों ने डिग्गी खोलने के लिए कहा। विरोध करने पर की मारपीट नरेंद्र ने विरोध किया तो आरोपियों ने पिस्टल की नोक पर उनके साथ मारपीट की। पिस्टल के बट से उनकी आंख के ऊपर वार किया गया और डंडों से भी पीटा गया। इसके बाद आरोपी कार में रखा रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। नरेंद्र के तीन साथी कार में ही मौजूद रहे और बाहर नहीं निकले। मौके से मैगजीन और जिंदा राउंड मिला लूट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से एक मैगजीन और एक जिंदा राउंड बरामद हुआ। वारदात में इस्तेमाल पिस्टल अभी बरामद नहीं हुई है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली, ताकि स्कॉर्पियो और उसमें सवार युवकों की पहचान की जा सके। कार में बैठे अरुण ने दी थी 30 लाख की जानकारी सीआईए-3 के एएसआई राजीव ने बताया कि घटना की सूचना के बाद सीआईए इंचार्ज की निगरानी में टीम बनाई गई। जांच में सामने आया कि नरेंद्र की कार में हांसी चौक निवासी अरुण भी बैठा था। आरोप है कि अरुण को नरेंद्र के पास 30 लाख रुपए होने की जानकारी थी और उसने अपने साथियों को इसकी मुखबिरी की। उसने साथियों को लाइव लोकेशन भी दी, जिसके आधार पर वे स्कॉर्पियो लेकर नरेंद्र की कार तक पहुंचे और लूट की वारदात को अंजाम दिया। रिमांड पर लेकर होगी आरोपियों से पूछताछ पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में राजेंद्र जौली निवासी झिमरीखेड़ी, विशाल निवासी दादुपुर और कर्मबीर सिंह निवासी दादुपुर शामिल हैं। चौथे आरोपी के रूप में अरुण को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से रिमांड के दौरान पूछताछ की जाएगी। पूछताछ में लूट की रकम, स्कॉर्पियो और वारदात में इस्तेमाल पिस्टल की बरामदगी के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जाएगा।