समाचार · मध्य प्रदेश
अनैतिक गतिविधियों के मामले में सीमा के घर पहुंची टीम:राजस्व, पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त जांच; अवैध निर्माण भी रडार पर
अशोकनगर में देह व्यापार और ब्लैकमेलिंग के आरोपों से घिरी सीमा अहिरवार के दीपेश कॉलोनी स्थित घर पर बुधवार को राजस्व, पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम पहुंची। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर उसके मकान और आसपास स्थित निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण किया। टीम ने भवन निर्माण की अनुमति, भू-अभिलेख और अन्य दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। तहसीलदार भारतेंदु यादव ने बताया कि अनैतिक गतिविधियों में लिप्त सीमा अहिरवार के निवास की जांच की जा रही है। भवन निर्माण की अनुमति और संरचना से संबंधित दस्तावेजों का परीक्षण किया जा रहा है। रिकॉर्ड की जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में मौके पर दो मकान, एक प्लॉट और एक टीन शेड मिला है। अधिकारियों के अनुसार इनमें से दो भवन बिना अनुमति के निर्मित पाए गए हैं। नगर पालिका के अभिलेखों और स्वीकृतियों का भी मिलान किया जा रहा है। पहले भी देह व्यापार का मामला दर्ज था कोतवाली थाना प्रभारी रवि प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि सीमा अहिरवार के खिलाफ पहले भी देह व्यापार का मामला दर्ज हो चुका है। पुलिस के अनुसार वह दूसरी बार इस तरह के मामले में कार्रवाई के दायरे में आई है। राजस्व टीम द्वारा संपत्ति का माप-जोख और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में अवैध निर्माण की पुष्टि होती है तो संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। संयुक्त टीम की जांच के बाद पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार कर आगे की वैधानिक प्रक्रिया अपनाई जाएगी।