Friday, 7 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

मेट्रो में नौकरी दिलाने के नाम पर 3.54 लाख ठगे:बैतूल में डेढ़ साल से फरार आरोपी गिरफ्तार

INT News7 August 2026 at 08:48 pm

बैतूल में एमपी मेट्रो में नौकरी दिलाने के नाम पर 3.54 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी करीब डेढ़ साल से फरार था। उसने फर्जी ऑफर लेटर देकर पीड़ित को लंबे समय तक गुमराह किया और बाद में संपर्क तोड़ दिया। कोतवाली पुलिस के अनुसार, शक्ति नगर गौठाना निवासी मयूर मालवीय ने 27 दिसंबर 2024 को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 5 फरवरी 2024 को आलोक कुमार बामने ने एमपी मेट्रो में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसके बदले उसने 3 लाख 54 हजार रुपये लिए। इनमें 3 लाख 49 हजार रुपये फोन-पे से और 5 हजार रुपये नकद लिए गए। आरोपी ने खुद को प्रभावशाली लोगों से जुड़ा हुआ भी बताया था। फर्जी ऑफर लेटर देकर करता रहा गुमराह शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने 11 मार्च 2024 को एमपी मेट्रो का कथित ऑफर लेटर दिया। इसके बाद वह लगातार जल्द जॉइनिंग कराने का भरोसा देता रहा। जब मयूर ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने उनका नंबर ब्लॉक कर दिया और संपर्क खत्म कर दिया। बाद में भोपाल में मुलाकात के दौरान आरोपी ने एक्सिस बैंक का एक चेक दिया, लेकिन खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण चेक तीन बार बाउंस हो गया। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसने यह रकम ब्याज पर कर्ज लेकर आरोपी को दी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देशन में गठित टीम ने लगातार तलाश के बाद आरोपी आलोक कुमार बामने को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने धोखाधड़ी करना स्वीकार किया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी को पैसे न दें। किसी भी नियुक्ति से पहले संबंधित विभाग से जानकारी की पुष्टि जरूर करें।